Fact Check: AI निर्मित है आगरा में इमारत गिरने के दावे से वायरल वीडियो
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि आगरा में बिल्डिंग गिरने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, जिसे अब आगरा का बताकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Oct 8, 2025 at 10:13 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बिल्डिंग को गिरते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो आगरा का है, जहां एक बिल्डिंग अचानक गिर गई है। वीडियो को असली समझकर शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई टूल की मदद से बनाई गई है। जिसे आगरा के नाम से झूठे दावे से शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘Pawan Maoriya’ ने 6 अक्टूबर को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “आगरा में अचानक गिरा बिल्डिंग“
कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे से शेयर किया है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा कुछ हुआ होता, तो मीडिया में जरूर आता। हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में जब बिल्डिंग गिरती है, तो कार को कोई नुकसान नहीं होता और जो लोग दिखाई दे रहे हैं, वो भी अजीब दिख रहे हैं। जिससे इसे एआई से बने होने का संदेह होता है।
जांच में आगे हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें एआई टूल्स की मदद से सर्च किया। सबसे पहले wasitai पर कीफ्रेम सर्च किया। इस टूल ने तस्वीर के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

इसी तरह हमने एक अन्य टूल की मदद से फोटो के बारे में सर्च किया। दूसरे टूल साइट इंजन पर फोटो को अपलोड किया। टूल ने तस्वीर को स्कैन करते हुए इसके एआई से बने होने की संभावना 95 फीसदी जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। वीडियो में बिल्डिंग और लोगों को देखकर साफ पता चल रहा है कि वीडियो वास्तविक नहीं है। जब बिल्डिंग गिरी, तो कार के शीशा या कार को कुछ नहीं हुआ। जिससे पता चलता है कि वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि आगरा में बिल्डिंग गिरने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है, जिसे अब आगरा का बताकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : आगरा में अचानक गिरा बिल्डिंग
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Pawan Maoriya
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












