X
X

Fact Check: बांग्लादेश की खिलाड़ियों ने नहीं पहने थे क्रिकेट खेलते समय बुर्का, वायरल तस्वीर AI निर्मित है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुर्के में बांग्लादेश की खिलाडियों की वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं। इस तस्वीर को जैमिनी एआई टूल द्वारा तैयार किया गया है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Oct 14, 2025 at 03:07 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) महिला वनडे वर्ल्ड कप में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच 10 अक्टूबर को मैच खेला गया। इस क्रिकेट मैच के बाद से सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल हो रही इस तस्वीर में क्रिकेट मैदान में दो महिला खिलाड़ियों को बुर्का में देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि बांग्लादेश की महिला खिलाडियों ने बुर्का पहनकर क्रिकेट खेला है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बांग्लादेश की खिलाड़ियों ने बुर्का पहनकर क्रिकेट नहीं खेला था। इस दावे से वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं है, बल्कि इसे एआई टूल जैमिनी एआई के जरिए तैयार किया गया है। एआई निर्मित तस्वीर को फर्जी दावे के साथ फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘मोहम्मद हरूम शाह’ ने 12 अक्टूबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “पर्दा कोई बाधा नहीं, बल्कि हिफाज़त है औरतों की और इन दोनों बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने बखूबी पूरी दुनिया को दिखाया।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल हो रही इस तस्वीर को गौर से देखा। तस्वीर में हमें वर्ल्ड कप 2025 लिखा हुआ दिखा। वहीं, स्कोर बोर्ड प्लेट पर खिलाड़ियों के नाम ‘झेलिक और सुप्ता’ लिखे हुए दिखाई दिए। यानी दावे के अनुसार यह दोनों बांग्लादेश की क्रिकेट खिलाड़ी ‘झीलिक और सुप्ता’ हैं।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और तस्वीर को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यही तस्वीर इसी फर्जी दावे के साथ एक एक्स हैंडल पर भी 13 अक्टूबर को शेयर की हुई मिली। हालांकि, यहां तस्वीर में नीचे की तरफ हमें जैमिनी एआई का लोगो नजर आया। बता दें जैमिनी एआई एक ऑनलाइन टूल है, जिससे किसी भी तरह की एआई तस्वीर आसानी से तैयार की जा सकती है और इसे कोई भी बना सकता है।  

पिछले दिनों जेमिनी एआई का ‘घिब्ली और नैनो बनाना’ ट्रेंड काफी वायरल हुआ था। हालांकि, एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस तरीके से एआई तस्वीर बनाना रिस्की भी साबित हो सकता है। इससे जुड़ा विश्वास न्यूज़ का आर्टिकल यहां पढ़ा जा सकता है।   

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने हॉट स्टार पर 10 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच हुए मैच की फुटेज देखी। किसी भी वीडियो में हमें कहीं भी बांग्लादेश की क्रिकेट खिलाड़ी बुर्के में मैच खेलती नजर नहीं आयीं।

तस्वीर में दावे के अनुसार, यह खिलाड़ी ”झीलिक और सुप्ता’ हैं। आगे की पड़ताल में हमने हॉट स्टार पर ‘झीलिक और सुप्ता’ के 10 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच के वीडियो को तलाश करना शुरू किया। सर्च में हमें दोनों ही खिलाड़ियों के वीडियो 10 अक्टूबर को अपलोड किए हुए मिले।

यहां दोनों ही खिलाड़ी बांग्लादेश की क्रिकेट यूनिफार्म में नजर आईं। 20 सेकंड पर शरमिन अख्तर सुप्ता और 38 सेकंड पर रुबिया हैदर झीलिक को यहां देख सकते हैं। नीचे दिए गए कोलाज में भी देखा जा सकता है।

वायरल तस्वीर से जुड़ी जानकारी के लिए हमने बांग्लादेश के पत्रकार साजिद हुसैन चौधरी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह दावा पूरी तरह से गलत है।

बीबीसी की 10 अक्टूबर की खबर के अनुसार, आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड की टीम ने बांग्लादेश को 100 रनों से हराया था।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘मोहम्मद हरूम शाह’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया यूजर को 363 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुर्के में बांग्लादेश की खिलाडियों की वायरल हो रही तस्वीर असली नहीं। इस तस्वीर को जैमिनी एआई टूल द्वारा तैयार किया गया है।

  • Claim Review : बांग्लादेश की महिला खिलाडियों ने बुर्का पहनकर क्रिकेट खेला है।
  • Claimed By : Instagram user- Muhammad Haroon Shah
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later