X
X

Fact Check: एमपी में भाजपा नेता को जूतों की माला पहनाने का पुराना वीडियो बिहार चुनाव का बताकर वायरल

मध्य प्रदेश के नागदा में करीब सात साल पहले भाजपा प्रत्याशी को चुनाव प्रचार के दौरान एक व्यक्ति ने जूते की माला पहना दी थी। उस घटना के वीडियो को बिहार चुनाव का बताकर शेयर किया जा रहा है।

MP Viral Video, MP News, BJP MLA video, Bihar Election 2025, Bihar Vidhan Sabha Chunav

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। इससे पहले सभी दलों के उम्मीदवार प्रचार में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें प्रचार कर रहे प्रत्याशी को जूते की माला पहनाते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान एक व्यक्ति ने भाजपा प्रत्याशी को जूते की माला पहनाई।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो सच्चाई कुछ और निकली। दरअसल, नवंबर 2018 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान नागदा में भाजपा उम्मीदवार को एक शख्स ने जूतों की माला पहना दी थी। उस घटना के वीडियो को बिहार विधानसभा चुनाव का बताकर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर islamic_official_0078 ने 21 अक्टूबर को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “भाजपा प्रत्याशी बिहार… जूते की माला से स्वागत

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने उसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। लाइव हिन्दुस्तान के यूट्यूब चैनल पर 20 नवंबर 2018 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड की गई है। इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। इसके अनुसार, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान नागदा-खाचरौद विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप सिंह शेखावत को एक व्यक्ति ने जूते की माला पहना दी।

20 नवंबर 2018 को एएनआई के एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए वीडियो में इस घटना को 19 नवंबर 2018 को मध्य प्रदेश का बताया गया है। इस पर लिखा है, “मध्य प्रदेश के नागदा में बीजेपी विधायक और उम्मीदवार दिलीप शेखावत को एक शख्स ने जूतों की माला पहना दी।”

एनडीटीवी की वेबसाइट पर भी 20 नवंबर 2018 को इस खबर को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, “मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान मध्य प्रदेश के नागदा में भाजपा विधायक और उम्मीदवार दिलीप शेखावत को एक शख्स के गुस्से का शिकार होना पड़ा। दरअसल, दिलीप शेखावत नागदा में चुनाव प्रचार में जुटे थे, तभी एक शख्स ने उनके गले में जूतों की माला पहना दी।”

इस बारे में हमने मध्य प्रदेश में नईदुनिया के डिप्टी न्यूज एडिटर अरविंद दुबे से संपर्क किया। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश के नागदा की पुरानी घटना का बताया।

पीआईबी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे राउंड की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।

एमपी के वीडियो को बिहार का बताकर शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 19 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: मध्य प्रदेश के नागदा में करीब सात साल पहले भाजपा प्रत्याशी को चुनाव प्रचार के दौरान एक व्यक्ति ने जूते की माला पहना दी थी। उस घटना के वीडियो को बिहार चुनाव का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान एक व्यक्ति ने भाजपा प्रत्याशी को जूते की माला पहनाई।
  • Claimed By : Instagram User- islamic_official_0078
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later