X
X

Fact Check: सुल्तानपुर में मारपीट का दो साल पुराना वीडियो भ्रामक दावे से वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का यह वीडियो नवंबर 2023 का है। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पूर्व जिला पंचायत के परिवार वालों से मारपीट की थी। इस मामले में कार्रवाई भी हो चुकी है। दो साल पुराने इस वीडियो को अब नया बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Nov 14, 2025 at 05:58 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति को लोगों पर बंदूक तानते और कुछ लोगों को लाठी-डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो शेयर करने वालों का दावा है कि यह घटना हाल ही में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुई है। पोस्ट में कई यूजर इस वीडियो को लेकर प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का यह वीडियो नवंबर 2023 का है। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर पूर्व जिला पंचायत के परिवार वालों से मारपीट की थी। इस मामले में कार्रवाई भी हो चुकी है। दो साल पुराने इस वीडियो को अब नया बताते हुए वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर रुपेश चड्ढा ने 14 नवंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “UP : वीडियो सुल्तानपुर का बताया जा रहा है, वीडियो में जंगलराज की झलक साफ देखी जा सकती है… अपराधियों में कानून और प्रशासन का कोई भय नहीं है।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को इनविड टूल के जरिए निकाला। उन कीफ्रेम्‍स को हमने डेक्सटॉप पर सेव किया। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो दैनिक भास्कर की न्यूज वेबसाइट पर 10 नवंबर 2023 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, “सुल्तानपुर में सत्तारूढ़ दल के विधायक के करीबी प्रधान प्रतिनिधि की गुंडई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें हिस्ट्रीशीटर प्रधान प्रतिनिधि गुर्गों को साथ लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य व उसके परिवार वालों को लाठी-डंडों से पीट रहा है। वो बंदूक तानकर बोल रहा है कि गोली मार दूंगा। इस मामले को एसपी सोमेन बर्मा ने संज्ञान लेकर सीओ जयसिंहपुर को मामले के जांच के निर्देश दिए हैं। राजनीतिक रंजिश में हुई घटना गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर इलाके की बताई जा रही है।”

इसी मामले पर अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने न्यूज सर्च किया। सर्च में हमें यूपी तक के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो 11 नवंबर 2023 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां खबर में बताया गया कि सुल्तानपुर के इस वीडियो में नजर आ रहे शख्स का नाम है रंजय सिंह और पेशे से ये प्रधान प्रतिनिधि हैं। इसी खबर में हमें पुलिस का बयान भी मिला।

इस मामले पर एबीपी लाइव की खबर के अनुसार, गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के रहने वाले रणंजय सिंह उर्फ संतोष अपने गुर्गों के साथ गांव के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरिराम गौड़ के घर पहुंचा और परिवार पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया. इतना ही नहीं, आरोपी ने असलहा लेकर पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी।

इसी मामले पर हमें 10 नवंबर 2023 को सुल्तानपुर पुलिस के एक्स हैंडल पर क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के सर्किल अफसर प्रशांत सिंह का बयान मिला। पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, “थाना गोसाईगंज क्षेत्र में दो पक्षों के मध्य विवाद हुआ था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें थाना गोसाईगंज द्वारा तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर नामजद अभियुक्तों में से एक अभियुक्त कुलदीप की गिरफ्तारी कर ली गई है।”

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण सुलतानपुर में वरिष्ठ संवाददाता अजय सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “यह मामला दो साल पुराना है। और इस मामले उस वक्त ही कार्रवाई हो चुकी है, पुलिस प्रशांत ने इस मामले में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था।”

अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर रुपेश चड्ढा की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर फेसबुक पर काफी सक्रिय रहता है। वहीं, यूजर राजस्थान के कोटा का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। सुल्तानपुर में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि का यह वीडियो नवंबर 2023 का है। इस मामले में कार्रवाई भी हो चुकी है। दो साल पुराने इस वीडियो को अब नया बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : यह घटना हाल ही में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुई है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर रुपेश चड्ढा
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later