Fact Check: तूफान से मची तबाही के दावे से वायरल हो रहा वीडियो तेलंगाना का है, ओडिशा का नहीं
बंगाल की खाड़ी में बने 'डीप डिप्रेशन' की वजह से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश हुई है। हालांकि, तूफान की तबाही दिखाता यह वायरल वीडियो तेलंगाना का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 25, 2026 at 06:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बंगाल की खाड़ी में बना ‘डीप डिप्रेशन’ आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से सितंबर 2026 के आखिर में टकराया, जिसका असर कई जिलों पर पड़ा। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तूफान का असर देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को ओडिशा में आए तूफान के असर का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि तूफान का असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में देखा गया है। हालांकि, तूफान से हुई तबाही दिखाने वाला वायरल वीडियो तेलंगाना के भद्रादी कोथागुडेम का है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘deepak_.pandey900’ ने 24 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बंगाल की खाड़ी से बना अर्नब चक्रवात। उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से देर रात 11 से 1 बजे के बीच टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों के तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है। दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मलकानगिरी में चार पुल डूब जाने से ट्रैफिक बंद हो गया है। सुरक्षा कारणों से नेशनल हाईवे भी बंद कर दिया गया है। तूफानी हवाओं से भद्रक में मछुआरों की 10 नावें डूब गईं और दर्जनों क्षतिग्रस्त हो गईं।”
वीडियो पर लोकेशन ओडिशा लिखी हुई है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। एक्स यूजर ‘Telangana365’ ने 23 सितंबर 2026 को इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “भद्राद्री कोथागुडेम जिले में बुरगामपाडु मंडल के मोरामपल्ली बंजार में ‘अर्नब चक्रवात’ से भारी तबाही हुई है। हालात ऐसे हैं कि कुछ समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। चारों तरफ अंधेरा, बहुत ज्यादा धूल और काले बादल छाए हुए हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने एक भयानक मंजर देखा। तेज हवाओं से पेड़ और फूस की छतें उड़ गईं… यहां तक कि लोग भी हवा के झोंके से कुछ दूर जा गिरे। अच्छी बात यह रही कि उन्हें मामूली चोटें ही आईं।”
यूट्यूब चैनल ‘TV2_NEWS’ पर भी इसे तेलंगाना के बुरगामपाडु मंडल का वीडियो बताकर 23 सितंबर 2026 को पोस्ट किया गया था।
तेलंगाना के न्यूज पोर्टल ‘बिग टीवी’ की वेबसाइट पर 24 सितंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट में वीडियो के कीफ्रेम का प्रयोग किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक तूफान अर्नब ने तबाही मचा दी है। इसका असर न सिर्फ ओडिशा और आंध्र प्रदेश, बल्कि तेलंगाना में भी बहुत ज्यादा हुआ है। साइक्लोन ने तट पार करते ही भद्राद्री कोथागुडेम जिले में तबाही मचा दी। साइक्लोन ने बुर्गम्पाडु मंडल के मोरमपल्ली बंजारा में अचानक तबाही मचाई। भारी बारिश और तेज हवाओं ने इलाके को घेर लिया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।”

‘साक्षी टीवी’ के यूट्यूब चैनल पर भी 25 सितंबर 2026 को इस वीडियो को तेलंगाना का बताते हुए पोस्ट किया गया था।
इस तूफान के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने यह वीडियो तेलंगाना के पत्रकार श्री हर्ष को भेजा। उन्होंने इसे तेलंगाना के भद्राद्री कोथागुडेम का बताया।
क्या है संदर्भ?
बंगाल की खाड़ी में बने ‘डीप डिप्रेशन’ की वजह से तीन दिनों से भारी बारिश हुई है। ‘द हिंदू’ में 25 सितंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, यह डीप डिप्रेशन श्रीकाकुलम में कलिंगपट्टनम के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया है। अधिकारियों ने बताया कि 24 सितंबर को तूफान के असर से ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिसके कारण राज्य सरकार को निचले और लैंडस्लाइड वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। ओडिशा में कम से कम 24 जगहों पर 100 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। इससे अधिकारियों को स्कूल बंद करने पड़े क्योंकि नदियां उफान पर थीं। पूर्वी तटीय राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी इलाके के निचले और लैंडस्लाइड वाले इलाकों में रहने वाले करीब 10,000 लोगों को 200 रिलीफ सेंटर में शिफ्ट किया गया है।”
मौसम विभाग के एक्स हैंडल पर 25 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे दी गई जानकारी के अनुसार, “दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना ‘डीप डिप्रेशन’ पिछले 6 घंटों के दौरान 15 किमी/घंटा की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा। यह कमजोर होकर ‘डिप्रेशन’ में बदल गया और 25 सितंबर 2026 को सुबह 05:30 बजे दक्षिण ओडिशा के अंदरूनी इलाकों और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर केंद्रित हो गया। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और अगले 12 घंटों तक ‘डिप्रेशन’ की तीव्रता बनाए रखने की बहुत संभावना है। इसके बाद के 12 घंटों में इसके कमजोर होकर ‘वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया’ (स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र) में बदलने की उम्मीद है।”
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, ‘डिप्रेशन’ में हवा की गति 17-27 नॉट (31-50 KM/H), ‘डीप डिप्रेशन’ में हवा की गति 28-33KT (51-62 KM/H) और चक्रवाती तूफान में हवा की गति 34-47KT (63-87 KM/H) होती है। हवा की गति इससे अधिक होने पर यह मौसम प्रणाली गंभीर चक्रवाती तूफान या सुपर साइक्लोन की श्रेणी में आ जाती है।
तेलंगाना के वीडियो को ओडिशा का बताकर पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। अगस्त 2026 में बने इस अकाउंट के 9,754 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बंगाल की खाड़ी में बने ‘डीप डिप्रेशन’ की वजह से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश हुई है। हालांकि, तूफान की तबाही दिखाता यह वायरल वीडियो तेलंगाना का है।
- Claim Review : ओडिशा में आए तूफान से हुई तबाही का वीडियो।
- Claimed By : Insta User- deepak_.pandey900
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












