Fact Check: बिहार चुनाव के नतीजों के बाद चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के हवाले से वायरल वीडियो राजस्थान का है
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के खिलाफ किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान का अगस्त 2025 का वीडियो है, जिसे भ्रामक दावे के साथ बिहार चुनाव मतगणना के बाद का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Nov 18, 2025 at 03:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक बड़ी संख्या में लोग सड़क पर मशालें लेकर विरोध मार्च निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद लोग चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और इसी विरोध प्रदर्शन का यह वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार चुनाव के खिलाफ किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान का पुराना वीडियो है, जिसे भ्रामक दावे के साथ बिहार चुनाव मतगणना के बाद का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “यह सब करने से कुछ नहीं होगा… सीधे अज्ञानेश कुमार को गोली मारो। न्याय मांगने से नहीं मिलेगा, इसे छीनना पड़ेगा। बिहार चुनाव के बाद लोग इलेक्शन कमीशन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का आरोप है की वोट चोरी हुई है वरना RJD से कम वोट शेयर होने के बाद भी BJP इतने सीट कैसे जीत गई। #BiharElections #BiharPolitics’’.
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें इसी वीडियो के फ्रेम कई सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए हुए मिले।
बारमेर गिरधारी नाम के एक्स हैंडल ने वायरल वीडियो के ही दूसरे एंगल को अपलोड किया गया है। 19 अगस्त 2025 को अपलोड हुए वीडियो के साथ यहां दी गई जानकारी के अनुसार, यह NSUI बालोतरा द्वारा ECI–BJP की कथित वोट चोरी के खिलाफ निकाले गए मशाल जुलूस का वीडियो है।
इसी जुलूस से जुड़ी हमें तस्वीरें एक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी अपलोड की हुई मिलीं। 20 अगस्त 2025 की इस पोस्ट के अनुसार, “गत दिवस बालोतरा में NSUI ने वोट चोरी के खिलाफ विशाल मशाल जुलूस का आयोजन किया बायतू विधायक व मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश जी चौधरी,प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ जी की विशेष उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं और युवाओं के हौसले को नई उड़ान दी।”
एनएसयूआई राजस्थान के प्रेसिडेंट विनोद जाखर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमें वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 19 अगस्त 2025 के इस वीडियो के अनुसार, यह कथित वोट चोरी के खिलाफ राजस्थान में हुई मशाल रैली का यह वीडियो है।

इसी मामले पर दैनिक भास्कर की 19 अगस्त की खबर के अनुसार, ‘देश के चुनावों में कथित वोट चोरी के विरोध में सोमवार को एनएसयूआई ने जोधपुर में मशाल जुलूस निकाला। एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में यह जुलूस जोधपुर शहर, जोधपुर देहात और फलोदी इकाइयों ने संयुक्त रूप से आयोजित किया।’
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ और मत-गणना के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए गए। विधानसभा की कुल 243 सीटों में चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए को 202 सीटें मिलीं, जिसमें बीजेपी को 89 सीटें और जनता दल-(यूनाइटेड) को 85, आरजेडी को 25, एलजेपी(आर) को 19, एआईएमआईएम को 5, कांग्रेस को छह, राष्ट्रिय लोक मोर्चा को 4 और अन्य को शेष सीटें मिलीं हैं।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने जोधपुर के सीनियर पत्रकार रंजन दवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह पुराना वीडियो है और बालोतरा का है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर सत्यनारायण मौर्या को तकरीबन साढ़े पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के खिलाफ किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान का अगस्त 2025 का वीडियो है, जिसे भ्रामक दावे के साथ बिहार चुनाव मतगणना के बाद का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद लोग चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतर आए और इसी विरोध प्रदर्शन का यह वीडियो है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर- सत्यनारायण मौर्या
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












