Fact Check: भारत-पाक के खिलाड़ियों के बीच हुई लड़ाई का यह वीडियो एआई निर्मित
भारत-पाक खिलाड़ियों के बीच हुई लड़ाई का वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। एआई से बने वीडियो को अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर यूजर्स वायरल कर रहे हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 20, 2025 at 05:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के मुकाबले से जोड़ते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लड़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को सच्ची घटना का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि भारत-पाक मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी मैदान में सभी के सामने आपस में भिड़ गए।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। एआई से बने वीडियो को अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर यूजर्स वायरल कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘salaar_rocky_bhai_a’ ने 17 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘राइजिंग एशिया कप में शारजाह में पाकिस्तानी और भारतीय खिलाड़ियों के बीच झगड़ा।’
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 17 नवंबर 2025 की प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार 2025 में इंडिया ए और पाकिस्तान ए एक-दूसरे से बीते 15 नवंबर को दोहा में भिड़े। पाकिस्तान ए ने 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि, इस मैच में नेहाल वढेरा और नमन धीर के कैच को लेकर काफी विवाद चल रहा है। क्लीन कैच होने के बावजूद अंपायर ने पाकिस्तानी बैटर माज सदाकत को आउट नहीं दिया। यहां तक कि बल्लेबाज खुद पवेलियन की ओर लौट गया था। उसके बाद बड़ी स्क्रीन पर नॉट आउट देख वो वापसी मैदान पर लौटा।’

वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि जब खिलाड़ी लड़ रहे होते हैं, तब उनके हाथ की बनावट काफी अजीब लगती है। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने टूल्स की मदद से वीडियो के बारे में सर्च किया। हमने हाइव मॉडरेशन टूल पर वीडियो को अपलोड किया और सर्च किया। टूल ने 96 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने एक अन्य टूल एआई और नॉट की मदद से वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। इस टूल ने भी वीडियो के कीफ्रेम के एआई होने की संभावना जताई।

वीडियो के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए हमने कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो jhatkaai नाम के इंस्टाग्राम पेज पर 15 सितंबर 2025 को अपलोड हुआ मिला। अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि यह पेज इसी तरह के एआई वीडियो को शेयर करता है। पेज पर कई अन्य एआई वीडियो मौजूद है।
जांच के दौरान हमें jhatkaai का यूट्यूब चैनल भी मिला। पेज को खंगालने पर हमने पाया कि वहां पर इस तरह के कई अन्य वीडियो मौजूद हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो एआई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्लेयर्स के कहीं हाथ आपस में मिल रहे हैं। कभी खिलाड़ियों के ग्लव्स आधे-अधूरे हैं। पाकिस्तान की जर्सी पर स्पेलिंग गलत है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एआई निर्मित है। एआई से बने वीडियो को अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर यूजर्स वायरल कर रहे हैं।
- Claim Review : भारत-पाक क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच हुई लड़ाई का वीडियो।
- Claimed By : Inst User salaar_rocky_bhai_a
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












