Fact Check: धोनी की गिरफ्तारी का दावा गलत, पुराना वीडियो फर्जी दावे के साथ वायरल
महेंद्र सिंह धोनी की गिरफ्तारी को लेकर वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2022 का है, जब लंदन में धोनी को देखकर फैंस की भीड़ लग गई थी और वो सेल्फी लेने के लिए उनके पीछे भाग रहे थे। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें भीड़ से बचाकर लेकर जा रहे थे। पुराने वीडियो को दुष्प्रचार की मंशा से गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 11, 2025 at 02:43 PM
- Updated: Nov 17, 2025 at 05:14 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को उन्हें ले जाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो यूनाइटेड किंगडम का है, जहां पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2022 का है, जब लंदन में धोनी को देखकर फैंस की भीड़ लग गई थी और वो सेल्फी लेने के लिए उनके पीछे भाग रहे थे। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें भीड़ से बचाकर लेकर जा रहे थे। पुराने वीडियो को दुष्प्रचार की मंशा से गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ने ‘cricket_adda_18_45’ ने 9 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो पर अंग्रेजी में लिखा है, “एमएस धोनी को ब्रिटिश पुलिस ने गिरफ्तार किया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट आजतक की वेबसाइट से मिली। रिपोर्ट को 17 जुलाई 2022 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, लंदन की सड़कों पर धोनी को देखने के बाद उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। धोनी का सड़क पर चलना ही मुश्किल हो गया। सुरक्षाकर्मी धोनी को बड़ी मुश्किलों के साथ बचाकर निकालकर ले जाते हैं। यह वीडियो लंदन के ओवल स्टेडियम के बाहर का बताया गया।

इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 16 जुलाई 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी लंदन में छुट्टियां मनाने के लिए गए थे। वहां पर उन्होंने 41वां जन्मदिन भी यहीं मनाया था।
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखें।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से महेंद्र सिंह धोनी के गिरफ्तारी के बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना और दावे को गलत बताया है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 17 सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महेंद्र सिंह धोनी की गिरफ्तारी को लेकर वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2022 का है, जब लंदन में धोनी को देखकर फैंस की भीड़ लग गई थी और वो सेल्फी लेने के लिए उनके पीछे भाग रहे थे। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें भीड़ से बचाकर लेकर जा रहे थे। पुराने वीडियो को दुष्प्रचार की मंशा से गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : यूके में पुलिस ने महेंद्र सिंह धोनी को किया गिरफ्तार।
- Claimed By : Inst User cricket_adda_18_45
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












