Fact Check: ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछती ऐश्वर्या राय बच्चन का यह वीडियो डीपफेक है
विश्वास न्यूज़ की पड़ताल में यह सामने आया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सवाल पूछती ऐश्वर्या राय बच्चन का यह वीडियो फ़र्ज़ी है और इसे डीपफेक तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है। असली वीडियो आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह का है, जिसमें ऐश्वर्या राय ने बाबा की शिक्षाओं, अनुशासन और भक्ति के सिद्धांतों पर बात की थी। अपने संबोधन में उन्होंने सैन्य नुकसान या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का कोई जिक्र नहीं किया था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 24, 2025 at 03:01 PM
- Updated: Nov 24, 2025 at 03:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ऐश्वर्या राय बच्चन को कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक सार्वजनिक मंच पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत को सैन्य संपत्तियों के कथित नुकसान पर सवाल करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में अभिनेत्री ने कथित तौर पर पूछा कि भारत ने पाकिस्तान से लड़ाई में चार राफेल, कई लड़ाकू जेट, दो एस-400 सिस्टम और 300 सैनिक क्यों गंवा दिए।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक डीपफेक वीडियो है। वायरल वीडियो में एआई निर्मित ऑडियो को ऊपर से जोड़ा गया है। असली वीडियो आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा की शताब्दी समारोह का है। अपने संबोधन में ऐश्वर्या राय बच्चन ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ऐसी कोई बात नहीं कही थी।
क्या है वायरल?
X यूजर Shaveta_Meena_Adv ने 19 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया। इसमें ऐश्वर्या राय को कथित तौर से अंग्रेजी बोलते सुना जा सकता है “(अनुवादित )मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहती हूं कि हमने पाकिस्तान के हाथों छह जेट क्यों खोए? हमने पाकिस्तान के हाथों चार राफेल क्यों खोए? हमने पाकिस्तान के हाथों दो S-400 सिस्टम क्यों खोए? हमने पाकिस्तान के हाथों 300 सैनिक क्यों खोए? हमने कश्मीर और राजस्थान में अपनी सीमा का एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान के हाथों क्यों खो दिया? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हम जानते हैं कि फिल्म जगत राजनीति में शामिल नहीं होता, लेकिन यह कुछ ऐसा है जो देश जानना चाहता है।” वीडियो शेयर करते हुए यूजर ने लिखा “ब्रेकिंग न्यूज़: गोदी मीडिया अब इस क्लिप को हटाने के लिए मजबूर हो रहा है। ऐश्वर्या राय ने पुट्टपर्थी में प्रधानमंत्री मोदी से कुछ बेहद तीखे सवाल पूछे। पत्रकार संजीव शुक्ला ने एक प्रेस ग्रुप में यह क्लिप जारी की है।”
पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें ऐश्वर्या राय बच्चन का ऐसा कोई बयान नहीं मिला।
वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो Sri Sathya Sai Hindi (हिन्दी) नाम के यूट्यूब चैनल पर 19 नवंबर 2025 को अपलोड मिला। यह वीडियो श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह का था। चैनल ने 19 नवंबर को शताब्दी कार्यक्रम का पूरा लाइवस्ट्रीम शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऐश्वर्या राय बच्चन समेत कई जाने-माने लोग शामिल हुए थे। पूरा कार्यक्रम लगभग 3 घंटे 25 मिनट का है। इस वीडियो में 2 घंटा 6 मिनट के आस-पास ऐश्वर्या राय बच्चन मंच पर आती हैं और 2 घंटा 14 मिनट तक बोलतीं हैं। इस दौरान ऐश्वर्या ने श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षा के अलावा डिसिप्लिन, डेडिकेशन, भक्ति के सिद्धांतों पर भी बात की। पूरे वीडियो में उन्होंने कहीं भी ऑपरेशन सिन्दूर को लेकर कोई बात नहीं कही थी।
श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में ऐश्वर्या राय बच्चन के संबोधन को लेकर हमें कई खबरें भी मिलीं, मगर कहीं भी वायरल वीडियो वाला बयान नहीं मिला।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वायरल वीडियो में लिपसिंक सही नहीं है। साथ ही ऑडियो भी रोबोटिक लग रहा है। हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई की मदद से एडिट किया गया हो सकता है।
पुष्टि के लिए हमने अपने पार्टनर, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस (TIA) की एक पहल है। DAU की विशेषज्ञ टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। डिटेक्शन टूल हाइव AI डीपफेक डिटेक्टर ने 2 टाइमकोड पाए, जहां वीडियो ट्रैक के साथ AI का उपयोग करके छेड़छाड़ की गई है।

स्विस डीप-टेक कंपनी ओरिजिनल एआई ने ऑडियो के डीपफेक होने की उम्मीद 50 प्रतिशत बताई।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से एडिट किए जाने की पुष्टि की।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर deepak_choudhary1616 के 34 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ की पड़ताल में यह सामने आया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सवाल पूछती ऐश्वर्या राय बच्चन का यह वीडियो फ़र्ज़ी है और इसे डीपफेक तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है। असली वीडियो आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह का है, जिसमें ऐश्वर्या राय ने बाबा की शिक्षाओं, अनुशासन और भक्ति के सिद्धांतों पर बात की थी। अपने संबोधन में उन्होंने सैन्य नुकसान या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का कोई जिक्र नहीं किया था।
- Claim Review : ऐश्वर्या राय बच्चन ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछा।
- Claimed By : X user Shaveta_Meena_Adv
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












