X
X

Fact Check: जर्मनी में बच्ची के हत्यारे को कोर्ट में गोली मारने वाली मां का वायरल वीडियो एक फिल्म की क्लिप है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह पाया गया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। माँ द्वारा कोर्ट में हत्यारे को गोली मारने वाली यह घटना जर्मनी में सच में हुई थी, लेकिन वायरल क्लिप उस वास्तविक घटना का फुटेज नहीं, बल्कि उस सच्ची घटना पर आधारित 1984 की जर्मन फ़िल्म का एक नाटकीय दृश्य है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Nov 25, 2025 at 02:16 PM
  • Updated: Nov 25, 2025 at 03:53 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)।  सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को अदालत में बंदूक  से गोलियां चलाते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 1981 का है, जब जर्मनी में एक 7 साल की बच्ची के रेप और हत्या की सुनवाई के दौरान मृत बच्ची की माँ ने आरोपी को गोली मार दी थी।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। यह सही है कि जर्मनी में ऐसी घटना हुई थी, लेकिन वायरल क्लिप उस वास्तविक घटना की नहीं, बल्कि उसी घटना पर आधारित एक फ़िल्म का दृश्य है।

क्या हो रहा है वायरल?

थ्रेड्स यूजर ‘bhimgiri.358’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “यह घटना 6 मार्च 1981 को जर्मनी के लुबेक कोर्ट में हुई थी Marianne Bachmeier ने अपनी 7 वर्षीय बेटी Anna (जिसकी 1980 में बलात्कार के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी) के आरोपी Klaus Grabowski को ट्रायल के तीसरे दिन कोर्टरूम में 6 गोलियां मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

यह दावा एक बार पहले भी वायरल हुआ था और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इस दावे की जांच की थी। उस समय वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया था। हमें वायरल वीडियो कई फेसबुक और इंस्टाग्राम रील्स पर अपलोड मिला था, जिनमें इसे एक जर्मन फिल्म “Der Fall Bachmeier – Keine Zeit für Tränen” (बैचमीयर मामला – आंसुओं का समय नहीं) की क्लिप बताया गया था।

हमने कीवर्ड्स का इस्तेमाल करके पूरी फ़िल्म को यूट्यूब पर खोजा। फ़िल्म में 1:19:30 टाइमस्टैम्प पर वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।

हमने इस मामले में एंटरटेनमेंट पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से भी बात की। उन्होंने कहा, “अदालत में मैरिएन बाचमियर ने अपनी बेटी के कथित बलात्कारी और हत्यारे को गोली मारने वाली महिला का यह वायरल वीडियो क्लिप 1984 में रिलीज़ हुई जर्मन फिल्म “डेर फॉल बाचमियर – कीन ज़िट फ़्यूर ट्रैनेन (नो टाइम फ़ॉर टीयर्स: द बाचमियर केस)” का एक दृश्य है। यह फिल्म मैरिएन बाचमियर की सच्ची कहानी पर आधारित है। महिला का किरदार ऑस्ट्रियाई अभिनेत्री मैरी कोलबिन ने निभाया था। । रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम जर्मनी की रहने वाली मैरिएन बाचमियर ने 06 मार्च 1981 को कोर्ट की सुनवाई के दौरान क्लॉस ग्रेबोव्स्की की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस पर 7 साल की बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या का आरोप था। महिला को हत्या के लिए छह साल जेल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन तीन साल बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।”

इस केस के बारे में ढूंढ़ने पर हमें कई आर्टिकल मिले, जिन्हें यहाँ और यहाँ पढ़ा जा सकता है।

विश्वास न्यूज़ द्वारा इस वीडियो लेकर की गई पुरानी पड़ताल को यहाँ पढ़ा जा सकता है।

वीडियो को गलत दावे का साथ शेयर करने वाले  थ्रेड्स यूजर bhimgiri.358 के 2000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह पाया गया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है। माँ द्वारा कोर्ट में हत्यारे को गोली मारने वाली यह घटना जर्मनी में सच में हुई थी, लेकिन वायरल क्लिप उस वास्तविक घटना का फुटेज नहीं, बल्कि उस सच्ची घटना पर आधारित 1984 की जर्मन फ़िल्म का एक नाटकीय दृश्य है।

  • Claim Review : जर्मनी में बच्ची के हत्यारे को कोर्ट में गोली मारने वाली माँ का वीडियो
  • Claimed By : Threads User ‘bhimgiri.358’
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later