Fact Check: बिहार में अवैध अतिक्रमण पर हुई कार्रवाई का नहीं, मध्य प्रदेश का है यह वायरल वीडियो
अतिक्रमण के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का है और पुराना है। दरअसल, अक्टूबर 2025 में छतरपुर की नगर पालिका ने सटई रोड पर बने अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की थी। यह वीडियो उसी कार्रवाई का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 26, 2025 at 05:16 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में नई सरकार बनते ही अवैध अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर बुलडोजर से एक बिल्डिंग को तोड़ने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को बिहार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का है और पुराना है। दरअसल, अक्टूबर 2025 में छतरपुर की नगर पालिका ने सटई रोड पर बने अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की थी। यह वीडियो उसी कार्रवाई का है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘सुजीत कुमार श्रीवास्तव’ ने 24 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बुलडोजर बाबा का असर बिहार में शुरू अतिक्रमण किसी का भी हो, तोड़ ही दिया जाएगा फिर चाहे वो किसी गरीब की झुग्गी टिन टपरी हो या कोई रिलायंस का शॉपिंग मॉल…..। बिहारी भाइयों अगर आपको ट्रैफिक मुक्त चौड़ी सड़के चाहिए, जल निकासी के लिए अंडर ग्राउंड सीवर लाइन चाहिए, स्ट्रीट लाइट चाहिए, चौराहे पर circle way चाहिए तो सरकार का सहयोग करना ही होगा….बाकी 25 सीट लेकर आने वाली राजद नेताओं और रंगदार बालूमाफिया आपको 10000 rs जैसा कटाक्ष करते हैं तो इनपर ध्यान मत दीजिए….5 साल तक इनको यही सब करना हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘INDIA NEWS TODAY’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 6 अक्टूबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, “छतरपुर में आलीशान मॉल के बाहर प्रशासन का चला बुलडोजर।”
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘IBC24 Jankarwan and IBC24’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 5 अक्टूबर 2025 को शेयर किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो मध्य प्रदेश के छतरपुर का है, जहां पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सटई रोड पर बने अवैध अतिक्रमण को हटा दिया।
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 2 महीने पहले प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “नगर पालिका ने शहर के सटई रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई विधायक ललिता यादव के निरीक्षण के बाद की गई थी। इस दौरान छोटे दुकानदारों और ठेला संचालकों की दुकानें हटाई गईं, जिससे व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।” रिपोर्ट में इस कार्रवाई का वीडियो भी मौजूद है। इस वीडियो में वायरल वीडियो वाले हिस्से को भी देखा जा सकता है।

बिहार में चल रहे अतिक्रमण अभियान पर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 25 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के सख्त निर्देश पर पटना के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाया गया। प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।”
हमने गूगल मैप पर भी छतरपुर की सटई रोड के बारे में सर्च किया। हमें मॉल की हूबहू तस्वीर मिली।

हमने नईदुनिया के छतरपुर के ब्यूरो चीफ भरत शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के छतरपुर का है। यहां पर प्रशासन ने करीब दो महीने पहले अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की थी। यह वीडियो उसी दौरान का है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 19 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अतिक्रमण के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का है और पुराना है। दरअसल, अक्टूबर 2025 में छतरपुर की नगर पालिका ने सटई रोड पर बने अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की थी। यह वीडियो उसी कार्रवाई का है।
- Claim Review : बिहार में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई का वीडियो।
- Claimed By : FB User सुजीत कुमार श्रीवास्तव
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












