Fact Check: तेज प्रताप यादव की राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने की तस्वीर एडिटेड
तेज प्रताप यादव के राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने की तस्वीर एडिटेड है। वास्तविक फोटो एक रैली की है, जिसमें पीछे की तरफ राम मंदिर नहीं, बल्कि उनके समर्थकों को देखा जा सकता है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 26, 2025 at 02:37 PM
- Updated: Nov 27, 2025 at 05:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राम मंदिर का ध्वजारोहण समारोह 25 नवंबर 2025 को था। इस समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़ी हस्तियां पहुंची थीं। इसी से जोड़ते हुए राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में तेज प्रताप को राम मंदिर के सामने बैठकर पोज देते हुए देखा जा सकता है। इस फोटो को राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। तेज प्रताप यादव की वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एडिटेड है। वास्तविक फोटो एक रैली की है, जिसमें पीछे की तरफ राम मंदिर नहीं, बल्कि उनके समर्थकों को देखा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Abhinav Jha’ ने 25 नवंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘राम मंदिर ध्वजारोहण में तेजू भैया पहुंच गए थे।’
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली तस्वीर ‘लाइव हिंदुस्तान’ की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 24 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश के नीतीश सरकार में मंत्री बनने पर तंज कसा है। रिपोर्ट में तेज प्रताप यादव की असली तस्वीर लगाई है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि उनके पीछे राम मंदिर नहीं, बल्कि उनके समर्थक खड़े हैं।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने तेज प्रताप यादव के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें असली फोटो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 19 सितंबर 2025 को अपलोड हुई मिली। कैप्शन के अनुसार, “आज जन संवाद यात्रा की अगली कड़ी में बख्तियारपुर विधानसभा की धरती पर जन सभा में आए हुए हजारों की संख्या में जनता जनार्दन को संबोधित किया। बिहार आज भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबी से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा नीतीश सरकार द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा है। हम आप सभी जनता जनार्दन से कहना चाहते हैं इस चुनाव में भाजपा नीतीश की घमंडी सरकार को भगाएं और जनशक्ति के नेतृत्व में जनशक्ति जनता दल की सरकार बनाएं।”
अधिक जानकारी के लिए हमने पटना दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। हमने वायरल फोटो को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल दावा गलत है। यह तस्वीर एडिटेड है और एक रैली की है।
हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से तेज प्रताप यादव के राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के बारे में सर्च किया। हमें इससे जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
दोनों तस्वीरों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि 5.5 हजार लोग इस यूजर को फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पटना का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि तेज प्रताप यादव के राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने की तस्वीर एडिटेड है। वास्तविक फोटो एक रैली की है, जिसमें पीछे की तरफ राम मंदिर नहीं, बल्कि उनके समर्थकों को देखा जा सकता है।
- Claim Review : राम मंदिर ध्वजारोहण में पहुंचे तेज प्रताप यादव
- Claimed By : FB User Abhinav Jha
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












