Fact Check: प्रयागराज में घर के अवैध हिस्से को गिराने की तस्वीर अब बिहार में हुई कार्रवाई के नाम पर वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर की जांच की। यह प्रयागराज में हुई कार्रवाई की पुरानी तस्वीर साबित हुई। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 27, 2025 at 03:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य के नालंदा जिले में हाई कोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया में एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर को नालंदा में हुई कार्रवाई का बताते हुए लिखा गया कि बिहार में दलितों के घर पर बुलडोजर चल रहा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर की जांच की। यह प्रयागराज में हुई कार्रवाई की पुरानी तस्वीर साबित हुई। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Movin Husain ने 24 नवंबर को एक तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा, “दलितों तुम हिन्दु के नाम गुलामी करते रहना,उधर मनुवादी तुम्हैं ख़त्म करते रहेंगे ये बिहार के दृश्य हैँ नालंदा से। बुलडोजर चल रहा है दलितों के घर पर,भाजपा राज शुरू हुआ अब बिहार में भी दलित, पिछड़े अल्पसंख्यक पर जुल्म बढ़ेंगे। स्थिति वाह वाह।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए सबसे पहले तस्वीर को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर कई न्यूज वेबसाइट पर मिली। एनडीटीवी ने इस तस्वीर का 13 जून 2022 की एक खबर में किया था।

टेलीग्राफ इंडिया डॉट कॉम ने भी वायरल तस्वीर को 13 जून 2022 को पब्लिश करते हुए प्रयागराज की बताया। पीटीआई न्यूज एजेंसी ने इस तस्वीर को क्लिक की थी। कैप्शन में बताया गया कि प्रयागराज में जावेद मोहम्मद के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने बिहार के नालंदा में हुई कार्रवाई के बारे में सर्च किया। गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए खोजने पर हमें कई खबर मिली। भास्कर डॉट कॉम की खबर के अनुसार, नालंदा जिले में रहुई प्रखंड के शिवनंदन नगर में हाई कोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उनके साथ वायरल तस्वीर को साझा की। उन्होंने बताया कि जून 2022 में प्रयागराज में जावेद मोहम्मद नाम के शख्स के घर के अवैध हिस्से को गिराया गया था। तस्वीर उसी वक्त की है।
जांच के अंत में यूपी की पुरानी तस्वीर को बिहार के नाम पर शेयर करने वाले यूजर Movin Husain की जांच की गई। पता चला कि यूजर यूपी के मुरादाबाद का है। फेसबुक पर इसे पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। बिहार के नालंदा जिले में हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। लेकिन पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर यूपी के प्रयागराज में जून 2022 को हुई कार्रवाई का है। इस तस्वीर को अब बिहार के नाम पर वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : नालंदा में दलितों के घर पर चले बुलडोजर की तस्वीर
- Claimed By : FB User Movin Husain
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












