X
X

Fact Check : गुजरात में 2021 में 70 साल की बुजुर्ग महिला बनी थीं मां, भ्रामक है वायरल पोस्‍ट

चार साल पहले गुजरात में एक 70 साल की बुजुर्ग महिला आईवीएफ तकनीक से मां बनी थी। उसी से जुड़ी तस्‍वीर और खबर को अब भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। एक बुजुर्ग जोड़े की तस्‍वीर को सोशल मीडिया पर वायरल करके दावा किया जा रहा है कि गुजरात के कच्छ इलाके की 70 वर्षीय महिला ने IVF तकनीक के जरिए अपने पहले बच्चे को हाल ही में जन्म दिया है। इस तस्‍वीर में बुजुर्ग महिला की गोद में एक बच्‍चा भी देखा जा सकता है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्‍लेटफॉर्म पर इसे हाल का ही समझकर वायरल किया जा रहा है। विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। अक्‍टूबर 2021 की खबर को अब दिसंबर 2025 में वायरल किया जा रहा है। हाल- फिलहाल में ऐसी कोई खबर सामने नहीं आई है।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम यूजर nowviralindia ने 29 नवंबर को तस्‍वीरों के एक कोलाज में शेयर करते हुए लिखा, “गुजरात के कच्छ इलाके की 70 वर्षीय महिला ने IVF तकनीक के जरिए अपने पहले बच्चे को जन्म दिया, जिससे पूरे देश में हैरानी और चर्चा का माहौल बन गया है। डॉक्टरों ने इसे बेहद दुर्लभ और अद्भुत मामला बताया है, क्योंकि इतनी उम्र में मातृत्व पाना लगभग असंभव माना जाता है। हालाँकि, बुजुर्ग महिलाओं की गर्भावस्था को लेकर स्वास्थ्य और नैतिक सवाल भी उठ रहे हैं, लेकिन परिवार के लिए यह पल सिर्फ और सिर्फ खुशी और जीवनभर के सपने के पूरे होने जैसा है। यह कहानी प्रेरणादायक भी है और सोचने पर मजबूर करने वाली भी।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए इस्‍तेमाल की गई तस्‍वीरों को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें कई नेशनल और इंटरनेशनल न्‍यूज वेबसाइट पर इससे जुड़ी खबरें मिलीं। मेट्रो डॉट सीओ डॉट यूके की वेबसाइट पर 19 अक्‍टूबर 2021 को पब्लिश खबर में बताया गया कि गुजरात के एक गांव में 70 साल की बुजुर्ग महिला आईवीएफ तकनीक से मां बनी।

नवभारत लाइव, आजतक, दिव्‍यभास्‍कर जैसी वेबसाइट ने भी इसे लेकर उस वक्‍त विस्‍तार से खबरें पब्लिश की थीं। चार साल पहले की इन खबरों में दी गई जानकारी के अनुसार, गुजरात के कच्छ के रापर तहसील केमोरा गांव में एक 70 वर्षीय महिला 2021 में मां बनी थीं। 70 साल की महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। बुजुर्ग अशिक्षित जोड़े ने शादी के 45 साल बाद वैज्ञानिक तकनीक यानी आईवीएफ से एक बच्चे को जन्म दिया था।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अपने सहयोगी गुजराती जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कर्पूरिया से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट में जिस घटना का जिक्र किया गया है, वह चार साल पुरानी है। उस वक्‍त गुजरात में एक महिला ने 70 साल की उम्र में आईवीएफ तकनीक से एक बच्‍चे को जन्‍म दिया था। हाल-फिलहाल में ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

पड़ताल के अंत में हमने पुरानी खबर को अब वायरल करने वाले इंस्‍टाग्राम हैंडल की सोशल स्‍कैनिंग की। पता चला कि यूजर को करीब आठ हजार लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट नवंबर 2024 को बनाया गया है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। चार साल पहले गुजरात में एक 70 साल की बुजुर्ग महिला आईवीएफ तकनीक से मां बनी थी। उसी से जुड़ी तस्‍वीर और खबर को अब भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : गुजरात में हाल ही में एक बुजुर्ग महिला ने दिया बच्‍चे को जन्‍म
  • Claimed By : IG user nowviralindia
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later