Fact Check: टाइपिस्ट की बेटी की शादी में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर झूठे दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। रामलाल अविवाहित हैं। वायरल तस्वीर भाजपा कार्यालय के टाइपिस्ट के बेटी की शादी की है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 3, 2025 at 04:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल के खिलाफ एक पोस्ट वायरल हो रही है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि रामलाल की बेटी ने एक मुस्लिम से शादी की थी। इस तस्वीर में गहमंत्री अमित शाह को भी देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। रामलाल अविवाहित हैं। वायरल दावे के साथ इस्तेमाल की गई तस्वीर भाजपा कार्यालय के एक टाइपिस्ट की बेटी की शादी की है। इसमें अमित शाह भी पहुंचे थे। तस्वीर का गलत इस्तेमाल करते हुए फर्जी वायरल पोस्ट तैयार की गई है।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर Shalim Khan ने 2 दिसंबर 2025 को एक पोस्ट करते हुए दावा किया, “भाजपा महामंत्री रामलाल की बेटी की शादी मुस्लिम फैजान करीब से। यूपी के सीएम योगी भी रहे मौजूद।”

पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सऐप पर भी वायरल किया जा रहा है। आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसे गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। यह तस्वीर हमें कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज वेबसाइट पर मिली। पत्रिका डॉट कॉम ने 28 नवंबर 2025 को वायरल तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए एक खबर पब्लिश की। इसमें बताया गया, “केंद्रीय गृह मंत्री बीजेपी कार्यालय के एक टाइपिस्ट की बेटी की शादी में बतौर मेहमान पहुंचे। जिस शख्स के घर शादी थी, वे लंबे समय तक गुजरात में बीजेपी कार्यालय में टाइपिस्ट के तौर पर काम करते रहे थे। जब अमित शाह गुजरात के गृह मंत्री और बाद में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष थे, तब ये कर्मचारी उनके काफी करीब रहे।”

सर्च के दौरान पाञ्चजन्य पत्रिका के एक्स हैंडल पर भी यह तस्वीर मिली। इसे 27 नवंबर 2025 को पोस्ट करते हुए बताया गया, “बीजेपी कार्यालय के टाइपिस्ट की बेटी की शादी में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी राम धन पिछले क़रीब तीन दशकों से बीजेपी मुख्यालय पर टाइपिस्ट का काम कर रहे हैं। वे पार्टी के लोक सभा, राज्य सभा, विधानसभा और विधान परिषद के उम्मीदवारों के नाम वाली सूची तैयार करते हैं। यह बहुत गोपनीय और विश्वसनीयता का काम है। वे बीजेपी के कई अध्यक्षों के साथ नज़दीकी से काम कर चुके हैं। अमित शाह के अध्यक्ष रहते हुए भी रामधन को उनके साथ काम करने का मौक़ा मिला था।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल पोस्ट में लिख गए टेक्स्ट के आधार पर कीवर्ड सर्च किया। अमर उजाला डॉट कॉम ने 18 फरवरी 2019 की अपनी एक खबर में बताया कि रामलाल की भतीजी के विवाह में भाजपा और योगी सरकार के कई दिग्गज जुटे थे। लखनऊ के एक प्रमुख पांच सितारा होटल में रामलाल की भतीजी श्रेया गुप्ता का विवाह फैजान करीम के साथ हुआ था।
नवभारत टाइम्स ने अपनी 18 फरवरी 2019 की खबर में लिखा था, “भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल की भतीजी श्रेया गुप्ता की शादी में रविवार को होटल ताज में संपन्न हुई। श्रेया ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े फैजान करीम के साथ शादी की।”
हमारी अब तक की जांच से इस बात की पुष्टि हो गई कि वायरल पोस्ट पूरी तरह से फर्जी है। भाजपा कार्यालय के टाइपिस्ट की बेटी की शादी की तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए भाजपा के पूर्व महामंत्री और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल के खिलाफ इस्तेमाल किया गया है। रामलाल अविवाहित हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए संघ से जुड़े सुरुचि प्रकाशन के चैयरमेन राजीव तुली से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि रामलाल अविवाहित हैं। उनके नाम पर कई सालों से ऐसी फर्जी पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें जरा-सी भी सच्चाई नहीं है। वर्तमान में रामलाल संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख हैं।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। इसके अकाउंट से सिर्फ इतना पता चला कि यह हैंडल नवंबर 2025 में बनाया गया है। इससे अधिक जानकारी नहीं मिली।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। रामलाल अविवाहित हैं। वायरल तस्वीर भाजपा कार्यालय के टाइपिस्ट के बेटी की शादी की है।
- Claim Review : भाजपा महामंत्री रामलाल की बेटी की शादी मुस्लिम फैजान करीब से। यूपी के सीएम योगी भी रहे मौजूद।
- Claimed By : IG User Shalim Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












