X
X

Fact Check: राष्‍ट्रपति के सामने बैठे राहुल गांधी का वीडियो ग्रैब भ्रामक दावे के साथ वायरल

पिछले साल संविधान दिवस के कार्यक्रम के अवसर पर राहुल गांधी कुछ सेकंड के लिए बैठ गए थे। उसके तुरंत बाद वह खड़े भी हो गए थे, लेकिन केवल उनके बैठे हुए की तस्वीर को अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

Rahul Gandhi

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो ग्रैब काफी वायरल हो रहा है। इसमें दिखाया गया है कि राष्‍ट्रपति के सामने राहुल गांधी कुर्सी पर बैठे हुए हैं। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर कई यूजर्स वीडियो ग्रैब का इस्‍तेमाल राहुल गांधी के खिलाफ करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि राष्‍ट्रपति के सामने राहुल गांधी बैठे रहे।

विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। पड़ताल में पता चला कि पिछले साल संविधान दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रपति ने विशेष स्‍मारक सिक्‍के का विमोचन किया था। उसी वक्‍त गलती से राहुल गांधी कुछ सेकंड के लिए बैठ गए थे। जैसे ही उन्‍हें अपनी गलती का अहसास हुआ, वह खड़े हो गए थे। हालांकि, अब कुछ सेकंड में हुई इस घटना के वीडियो ग्रैब को गलत तरीके से वायरल करके राहुल गांधी पर निशाना साधा जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पेज भगवा क्रांति ने 1 दिसंबर 2025 को एक तस्‍वीर का इस्‍तेमाल करते हुए लिखा, “कैसा मूर्ख नेता है। यह जिसे यह भी मालूम नहीं की जबतक राष्ट्रपति बैठ नहीं जाते तबतक कोई बैठ नहीं सकता, सबको उनके सम्मान में खड़े रहना चाहिए। यह साबित करता है की नेहरू-गांधी घराना खुद को देश का सर्वेसर्वा समझता है, जिसके सामने राष्ट्रपति का भी कोई सम्मान नहीं और ऊपर से यह घमंडी संविधान की (कोरी) किताब लहराते हुए संविधान और जनतंत्र को बचाने की बात करता है। यह भूल जाता है की उसी संविधान ने महामहिम राष्ट्रपति देश के सर्वोच्च और प्रथम नागरिक होते है।”

पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे फेसबुक, ट्विटर और वॉट्सऐप पर भी वायरल किया जा रहा है। आकाईव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले इसमें इस्‍तेमाल किए गए वीडियो ग्रैब को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें 25 नवंबर 2024 की आजतक के यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के एक मिनट की टाइमलाइन पर हमें वही हिस्‍सा मिला, जिसका स्‍क्रीनशॉट लेकर वायरल किया गया है। इसे पूरा देखने से यह स्‍पष्‍ट हुआ कि विमोचन के दौरान राष्‍ट्रपति समेत सभी नेता खड़े थे। उसी दौरान कन्फ्यूजन होने से राहुल गांधी कुछ ही सेकंड के लिए बैठ गए थे। जैसे ही उन्‍होंने देखा कि बाकी नेता नहीं बैठ रहे हैं, तो वह तुरंत अपनी जगह पर खड़े हो गए। यह सब कुछ ही सेकंड के अंदर हुआ।

वीडियो रिपोर्ट के कैप्‍शन में लिखा गया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान पर आधारित दो पुस्तकों का विमोचन किया। राष्ट्रपति ने एक पुस्तिका का भी विमोचन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संस्कृत भाषा में भारत के संविधान का भी विमोचन किया। राष्ट्रपति ने संविधान का मैथिली भाषा में भी विमोचन किया।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने संसद टीवी के यूट्यूब चैनल का रूख किया । वहां सर्च करने पर हमें पूरा वीडियो मिला। एक साल पहले 26 नवंबर 2024 को अपलोड इस वीडियो में 28वें मिनट के बाद वायरल स्‍क्रीनशॉट वाला हिस्‍सा देखा जा सकता है। वीडियो देखने से पता चला कि पिछले साल संविधान दिवस के अवसर पर राष्‍ट्रपति ने विशेष स्‍मारक सिक्‍के का विमोचन किया था। विमोचन के बाद राहुल गांधी कुछ ही सेकंड के लिए अपनी कुर्सी पर बैठ जाते हैं। जैसे ही उन्‍हें अपन गलती का अहसास होता है, वह खड़े हो जाते हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉक्‍टर सईद नासिर हुसैन और लोकसभा सांसद मणिकम टैगोर से विस्‍तार से बात की। दोनों नेताओं ने बताया राष्‍ट्रपति के सम्‍मान में राहुल गांधी हर बार खड़े हुए है। वायरल पोस्‍ट पूरी तरह फर्जी है। कांग्रेस व राहुल गांधी की छवि खराब करने के मकसद से ऐसी पोस्‍ट हमेशा वायरल की जाती है।

जांच के अंत में हमने भगवा क्रांति नाम के फेसबुक पेज की सोशल स्‍कैनिंग की। इस पेज को तीन लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में पता चला कि एक साल पहले हुए कार्यक्रम के वीडियो ग्रैब को अब राहुल गांधी के खिलाफ दुष्‍प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है। पिछले साल संविधान दिवस के कार्यक्रम के अवसर पर राहुल गांधी कुछ सेकंड के लिए बैठ गए थे। उसके तुरंत बाद वह खड़े भी हो गए थे, लेकिन केवल उनके बैठे हुए की तस्वीर को अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : राष्‍ट्रपति से पहले राहुल गांधी कुर्सी पर बैठ गए।
  • Claimed By : FB User Bhagwa Kranti
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later