Fact Check: इंडिगो संकट के बीच वायरल हो रहा एयरपोर्ट में जमीन पर बैठकर यात्रियों के खाना खाने का वीडियो पुराना है
एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में जमीन पर बैठकर यात्रियों का खाना खाने का वीडियो पिछले साल जनवरी का है। इसका हालिया संकट से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 6, 2025 at 03:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडिगो की कई फ्लाइट्स कैंसल होने से उत्पन्न हुए संकट के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट पर जमीन पर बैठकर खाना खाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हालिया इंडिगो संकट के बीच यात्रियों ने ‘रनवे’ पर बैठकर खाना खाया।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो पिछले साल जनवरी का है। दरअसल, जनवरी 2024 में परिचालन संबंधी समस्या के कारण गोवा से दिल्ली जाने वाली उड़ान को मुंबई के लिए भेज दिया गया था। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में खाना खाते हुए यात्रियों का वीडियो वायरल हुआ था। उस घटना के वीडियो को अब हालिया संकट से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर Khabar Bharat ने 6 दिसंबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “एयरपोर्ट के ‘रनवे’ पर बैठकर खाना खाते दिखे Indigo के यात्री, वीडियो वायरल
इंडिगो एयरलाइन्स के उड़ानों के संचालन में आई दिक्कतों की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें यात्री हवाई अड्डे के रनवे पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, यात्रियों को रनवे (जमीन) पर बैठकर खाना खाते हुए देखा जा सकता है। विमान के नजदीक जमीन पर बैठे नजर आ रहे यात्री जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की गोवा-दिल्ली उड़ान के 12 घंटे विलंबित होने के बाद मुंबई के हवाई अड्डे पर बैठकर यात्री भोजन कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इंडिगो का एक उड़ान हवाई अड्डे पर खड़ा है, वहीं उड़ान के नजदीक यात्री जमीन पर बैठकर खाना खा रहे हैं।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एएनआई के एक्स हैंडल से 15 जनवरी 2024 को इस वीडियो के दो स्क्रीनशॉट्स पोस्ट किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट की परिचालन में कुछ समस्या आने के बाद यात्रियों का मुंबई एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में खाना खाने का वीडियो वायरल हुआ है। यह घटना 14 जनवरी 2024 को गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट संख्या 6E 2195 के साथ हुई थी।
15 जनवरी 2024 को एएनआई की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के मुंबई डायवर्ट होने और एयरपोर्ट के रैंप पर यात्रियों के खाना खाने का वीडियो वायरल होने के बाद एयरलाइंस ने इसके लिए माफी मांगी है और भविष्य में इस तरह के घटना न हो, इसके लिए कदम उठाए जाने का भरोसा दिया है। फ्लाइट को दिल्ली में कम दृश्यता की वजह से मुंबई के लिए डायवर्ट किया गया था।

इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 17 जनवरी 2024 को छपे इस घटना के फॉलोअप के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस और मुंबई एयरपोर्ट पर ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस मामले में जुर्माना लगाया है। इंडिगो एयरलाइंस पर यात्रियों के एप्रन एरिया में खाना खाने के लिए 1.2 करोड़ रुपये और मुंबई एयरपोर्ट पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रेगुलेटर BCAS ने मुंबई एयरपोर्ट ऑपरेटर MIAL पर 60 लाख रुपये और DGCA ने MIAL पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 6 दिसंबर को छपी खबर के मुताबिक, “इंडिगो एयरलाइंस ने लगातार पांचवें दिन कई उड़ानों को रद्द किया है। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल है। एयरलाइंस ने पहले ही बयान जारी कर कहा है कि स्थिति सामान्य होने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। वहीं, डीजीसीए ने हालात का रिव्यू और एक्सेसमेंट करने के लिए एक उच्चस्तरीय चार सदस्यीय कमेटी बनाने का आदेश दिया है। डीजीसीए का कहना है कि इंडिगो FDTL CAR 2024 के तहत बदले हुए ड्यूटी पीरियड, फ्लाइट ड्यूटी पीरियड, फ्लाइट टाइम लिमिटेशन और तय रेस्ट पीरियड को लागू करने के लिए तैयारी करने में नाकाम रही।”

इस बारे में हमने मुंबई के जर्नलिस्ट वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पिछले साल है। गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को मुंबई के लिए डायवर्ट किया गया था। उस दौरान यह वीडियो वायरल हुआ था।
पुराने वीडियो को हालिया संकट से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर के करीब 29 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में जमीन पर बैठकर यात्रियों का खाना खाने का वीडियो पिछले साल जनवरी का है। इसका हालिया संकट से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : हालिया इंडिगो संकट के बीच यात्रियों ने 'रनवे' पर बैठकर खाना खाया।
- Claimed By : Fb User- Khabar Bharat
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












