Fact Check: गंदे पानी से बिरयानी बनाते व्यक्ति का AI वीडियो सांप्रदायिक रंग देकर वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में यह सामने आया कि नाले के पानी से बिरयानी बनाते व्यक्ति के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि एआई से बनाया गया है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 30, 2025 at 05:50 PM
- Updated: Dec 30, 2025 at 06:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक मुस्लिम व्यक्ति नाले से पानी निकालकर बिरयानी के बर्तन में डालता दिखाई दे रहा है। अब कुछ यूज़र इस वीडियो को असली मानकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो में कई अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो वास्तविक नहीं है, बल्कि यह एआई द्वारा बनाया गया है, जिसे असली घटना बताकर अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूज़र ‘गुरप्रीत वड़ैच’ ने (आर्काइव लिंक) 29 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो साझा करते हुए लिखा, “आह देखो फ्रेंड्स, ये होता है लोगों में साफ-सफाई का ध्यान। देखो कैसे खाने में नाली से निकाला हुआ पानी डाला जा रहा है। कमेंट करके बताना चाहिए कि ऐसे लोगों के साथ क्या करना चाहिए। #ट्रेंडिंगपोस्ट #ट्रेंडिंगरील #ट्रेंडिंगशॉर्ट #गुरप्रीतवड़ैच”
सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने इसी दावे के साथ इस वीडियो को शेयर किया है।

पड़ताल
सबसे पहले हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में कई जगह व्यक्ति का एक हाथ धुंधला हो जाता है और पीछे दिख रहे लोग स्थिर खड़े नजर आते हैं। इससे वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘hivemoderation’ की मदद से वीडियो की जांच की। टूल ने 99 प्रतिशत तक वीडियो के एआई द्वारा बनाए जाने की संभावना जताई।

इसके बाद हमने वीडियो को एक अन्य टूल ‘aurigin.ai’ के जरिए भी जांचा। इस टूल ने वीडियो को 98 प्रतिशत एआई से निर्मित बताया।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई और उभरती तकनीकों पर काम कर रहे रिसर्चर अज़हर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि व्यक्ति का एक हाथ बिल्कुल नहीं हिल रहा और वह धुंधला भी हो जाता है। इसी तरह वीडियो में दिख रहे अन्य लोग भी एक ही जगह खड़े हैं और बिल्कुल नहीं हिलते। इससे साफ है कि वीडियो एआई-निर्मित है। उन्होंने कुछ स्क्रीनशॉट्स भी साझा किए, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि वीडियो एआई से बनाया गया है।

अंत में हमने वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक यूज़र की प्रोफाइल देखी। हमें पता चला कि यूज़र के 16 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में यह सामने आया कि नाले के पानी से बिरयानी बनाते व्यक्ति के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि एआई से बनाया गया है।
- Claim Review : मुस्लिम व्यक्ति ने नाली के पानी से बिरयानी बनाई।
- Claimed By : FB User- गुरप्रीत वङैच
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












