X
X

Fact Check:  मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने पर शाहरुख खान ने बीसीसीआई के फैसले को गलत नहीं बताया, डीपफेक वीडियो वायरल

कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने को लेकर वायरल वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आईआईएम बेंगलुरु के एक कार्यक्रम के वीडियो के ऑडियो को एआई की मदद से एडिट किया गया है और उसकी आवाज को बदल दिया है। 

नई दिल्ली(विश्वास न्यूज)। बांग्लादेश और भारत के बीच चल रहे विवाद के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोलकाता नाइट राइडर्स से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने के लिए कहा था। टीम के गेंदबाज को रिलीज करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर अभिनेता शाहरुख खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने  मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने का विरोध करते हुए इसे गलत फैसला बताया है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आईआईएम बेंगलुरु के एक कार्यक्रम के वीडियो के ऑडियो को एआई की मदद से एडिट किया गया है और उसकी आवाज को बदल दिया है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Juber Shaikh’ ने 3 जनवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “BCCI का यह Decision पूरी तरह गलत और दोगलापन है – Sharukh Khan”  

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

हमने कोलकाता नाइट राइडर्स और शाहरुख खान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली। ऐसे में हमें वीडियो के एआई की मदद से एडिट किए जाने का संदेह हुआ।

हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो IIM Bangalore के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 15 दिसंबर 2015 को शेयर किया गया था। वीडियो को देखने पर हमने पाया कि वीडियो में वो जिंदगी जीने और कामयाब बनने को लेकर छात्रों को सलाह दे रहे हैं। हमें वायरल वीडियो वाला हिस्सा असल वीडियो में नहीं मिला।

वीडियो में मौजूद आवाज की सच्चाई जानने के लिए हमने एआई टूल्स की मदद से सर्च किया। हमने सबसे पहले aurugin.ai पर ऑडियो को सर्च किया। टूल ने 100 फीसदी तक ऑडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने इनविड टूल के जरिए हिया टूल की मदद से भी ऑडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी 96 फीसदी तक ऑडियो के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई। 

आजतक की वेबसाइट पर 3 जनवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल 2026 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। फ्रेंचाइजी ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला केकेआर की ओर से नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के स्पष्ट निर्देश के बाद लिया गया है। पिछले कुछ हफ्तों से मुस्तफिजुर रहमान की आईपीएल में भागीदारी को लेकर विवाद गहराता जा रहा था। हालात को देखते हुए बीसीसीआई ने हस्तक्षेप किया और केकेआर को उन्हें टीम से बाहर करने का निर्देश दिया। इस घटनाक्रम पर मुस्तफिजुर का रिएक्शन सामने आया है। टीम से बाहर किए जाने के बाद मुस्तफिजुर रहमान ने बांग्लादेशी क्रिकेट वेबसाइट बीडीक्रिकटाइम से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘अगर आपको टीम से बाहर कर दिया जाए, तो आप और क्या कर सकते हैं?’

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने दावे को गलत और वीडियो को एडिटेड बताया है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 81 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने को लेकर वायरल वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। आईआईएम बेंगलुरु के एक कार्यक्रम के वीडियो के ऑडियो को एआई की मदद से एडिट किया गया है और उसकी आवाज को बदल दिया है। 

  • Claim Review : शाहरुख खान ने मुस्तफिजुर रहमान को निकाले जाने के बीसीसीआई के फैसले को गलत बताया।
  • Claimed By : FB User Juber Shaikh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later