Fact Check: दिल्ली में मस्जिद पर नहीं, बल्कि अवैध अतिक्रमण पर चला है बुलडोजर, वायरल दावा गलत
दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई है। मस्जिद पर बुलडोजर चलने का दावा अफवाह है। कार्रवाई के दौरान इस तरह की अफवाह फैलाकर लोगों को भड़काया गया था।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 8, 2026 at 03:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के तुर्कमान गेट पर फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास से हटाए गए अतिक्रमण से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बुलडोजर और मलबे को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि रामलीला मैदान की अवैध मस्जिद पर रात को बुलडोजर चला है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि मस्जिद के पास मौजूद अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला था। मस्जिद पर बुलडोजर चलने का दावा अफवाह है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर rajsinghchauhan143 ने 8 जनवरी को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “आधी रात रामलीला मैदान की अवैध मस्जिद पर चला बुलडोज़र|दिल्ली धमाके से पहले यहीं आया था जिहादी उमर दिल्ली धमाके से पहले #Ramlilan यहीं था जिहादी अमल नबी Mosque”।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 7 जनवरी को छपी खबर के अनुसार, “हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण ढहाया गया। इस दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ा है। मस्जिद को छोड़कर पूरे प्रांगण में 20 से ज्यादा बुलडोजर से कार्रवाई की गई।”

इंडिया टीवी की वेबसाइट पर 7 जनवरी को छपी खबर के मुताबिक, “इस कार्रवाई के दौरान लोगों को भड़काने वाले वीडियो वॉट्सऐप ग्रुप में सर्कुलेट किए गए। इसमें अफवाह फैलाई गई कि बुलडोजर मस्जिद को गिराने पहुंचे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर पथराव भी हुआ है। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जिस मस्जिद को लेकर अफवाह फैलाई थी, वह पहले जैसी ही है। बुलडोजर मस्जिद के पास नहीं गए हैं।”

आजतक की वेबसाइट पर 7 जनवरी को इस संबंध में रिपोर्ट छपी है। इसके मुताबिक, “12 नवंबर 2025 को हाईकोर्ट ने सिविक बॉडी और पीडब्ल्यूडी को तुर्कमान गेट के पास अतिक्रमण हटाने के लिए तीन महीने का समय दिया था। इसके तहत ही एमसीडी ने यह कार्रवाई की है। हाईकोर्ट ने यह आदेश सेव इंडिया फाउंडेशन की याचिका पर दिया था। अतिक्रमण में सड़क का कुछ हिस्सा, एक फुटपाथ, एक कम्युनिटी हॉल, एक पार्किंग एरिया और एक डॉयग्नोस्टिक सेंटर शामिल थे।”

दैनिक जागरण के 8 जनवरी के दिल्ली सिटी संस्करण में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई की खबर को देखा जा सकता है। इसमें भी मस्जिद के आसपास अतिक्रमण हटाने की बात लिखी है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण की तरफ से इस कार्रवाई को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता राकेश सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि मस्जिद पर बुलडोजर नहीं चला है। यह केवल अफवाह उड़ाई गई है। उसके पास मौजूद अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई हुई है।
इसके बाद हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया तो यह हमें इंस्टा seanewsagra पर भी मिला। इसमें कार्रवाई की अन्य क्लिप्स को भी मर्ज किया गया है। पोस्ट में बताया गया है कि यह कार्रवाई मस्जिद के पास अतिक्रमण पर हुई है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 1436 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई है। मस्जिद पर बुलडोजर चलने का दावा अफवाह है। कार्रवाई के दौरान इस तरह की अफवाह फैलाकर लोगों को भड़काया गया था।
- Claim Review : दिल्ली में अवैध मस्जिद पर रात को बुलडोजर चला है।
- Claimed By : Insta User- rajsinghchauhan143
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












