Fact Check: राहुल गांधी ने नहीं किया भगवान राम का अपमान, VB-G RAM G कानून को लेकर कसा था केंद्र पर तंज
राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने भगवान राम का अपमान नहीं किया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jan 23, 2026 at 01:47 PM
- Updated: Jan 23, 2026 at 04:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते दिख रहे हैं कि जी ग्राम जी क्या है, वह नहीं जानते। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने भगवान राम का अपमान किया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि राहुल गांधी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की जगह लाए गए नए कानून विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) को लेकर बात कर रहे थे। उन्होंने भगवान का अपमान नहीं किया है। वीडियो में भी देखा जा सकता है कि वह नए कानून के बारे में बात कर रहे हैं। यूजर्स वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर apnisarkar2024 ने 22 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “राहुल गांधी ने फिर किया श्री राम का अपमान।“

पड़ताल
पड़ताल में हमने सबसे पहले वीडियो को देखा। इसमें वह कहते दिख रहे हैं, “ग्राम जी पता नहीं क्या है। नए लॉ का नाम क्या है, मैं नाम ही नहीं जानता इसका… जी ग्राम जी क्या है…ग्राम जी पता नहीं क्या…”। इसमें कहीं भी राहुल ने भगवान राम का जिक्र नहीं किया है।
हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर 22 जनवरी को अपलोड वीडियो में 39:50 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।
वीडियो नई दिल्ली में आयोजित नेशनल मनरेगा कन्वेंशन का है। इसमें राहुल गांधी ने मनरेगा की जगह लाए गए नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। इसमें उनको नए कानून का विरोध करते हुए देखा जा सकता है, जिसे वह नहीं जानते। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भगवान राम का जिक्र नहीं किया है।
दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर इस सम्मेलन से जुड़ी खबरों को देखा जा सकता है। इनके अनुसार, राहुल गांधी ने दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित मनरेगा श्रमिक सम्मेलन में नए कानून का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
इससे यह साफ हो गया कि राहुल गांधी ने सम्मेलन में यह तंज नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर कसा था।
इस बारे में यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी का कहना है कि राहुल गांधी ने भगवान राम का अपमान नहीं किया है। वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। विपक्षी उनके खिलाफ इस तरह की फर्जी पोस्ट वायरल करते रहते हैं।
डीडी न्यूज की वेबसाइट पर 22 दिसंबर 2025 को छपी खबर के अनुसार, ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण): वीबी-जी राम जी विधेयक, 2025’ को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही यह विधेयक कानून का रूप ले चुका है। यह दो दशक पुराने मनरेगा की जगह लेगा। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिनों के मजदूरी रोजगार की वैधानिक गारंटी दी जाएगी, जो मनरेगा के तहत मिलने वाले 100 दिनों से 25 दिन अधिक है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 5 लाख 36 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में नए कानून वीबी-जी राम जी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने भगवान राम का अपमान नहीं किया है।
- Claim Review : राहुल गांधी ने भगवान राम का अपमान किया है।
- Claimed By : Insta User- apnisarkar2024
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












