X
X

Fact Check: डोडा हादसे में 10 जवानों की शहादत के दावे से वायरल हो रहा वीडियो नेपाल का है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हालिया डोडा हादसे का नहीं है। यह वीडियो नेपाल में हुए एक पुराने आर्मी ट्रक हादसे से जुड़ा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jan 24, 2026 at 04:22 PM
  • Updated: Jan 24, 2026 at 06:29 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए सड़क हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक आर्मी ट्रक को गहरी खाई में गिरा हुआ देखा जा सकता है। वीडियो में कई जवान एक-दूसरे की मदद से ट्रक से बाहर निकलते हुए नजर आते हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि डोडा हादसे में 10 जवान शहीद हो गए और यह इसी मामले से सम्बंधित वीडियो है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हालिया डोडा हादसे का नहीं है। यह वीडियो नेपाल में हुए एक पुराने आर्मी ट्रक हादसे से जुड़ा है, जिसे भारत के डोडा जिले की घटना बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘काजल चौधरी’ ने 24 जनवरी को वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुआ यह हादसा पूरे देश को गम में डुबो गया। 1,359 देश की रक्षा में तैनात हमारे 10 वीर जवानों का यूँ चले जाना हर भारतीय के दिल को झकझोर देता है। जो जवान आज तक हमारी सुरक्षा की ढाल बने रहे, आज वही तिरंगे में लिपटकर अमर हो गए। इस हादसे में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की हम कामना करते हैं। 2,697 शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। पूरा देश आज उनके परिवारों के साथ खड़ा है।”

पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

अपनी पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकालकर गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। सर्च के दौरान हमें इसी मामले से जुड़ी तस्वीरें नेपाल आधारित फेसबुक पेज ‘Arghakhanchi Bulletin’ पर 16 सितंबर 2025 को पोस्ट की हुई मिलीं। पोस्ट के साथ नेपाली भाषा में लिखा गया था कि मकवानपुर जिले के चुरियामाई इलाके के पास नेपाली सेना का एक ट्रक हादसे का शिकार हुआ, जिसमें 16 सैनिक घायल हुए थे। पोस्ट के मुताबिक, घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई गई थी।

इसी कड़ी में हमें मिलता-जुलता वीडियो नेपाल के ‘Shimba S Magar’ और ‘Prakash Thapa‘ नाम के फेसबुक अकाउंट पर भी मिला। यह पोस्ट भी सितंबर 2025 को की गई है और वीडियो को चुरियामाई इलाके में नेपाली सेना के ट्रक हादसे से जोड़ा गया है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें नेपाल की कई न्यूज वेबसाइट्स पर भी सितंबर 2025 में मकवानपुर जिले में नेपाली सेना के ट्रक के खाई में गिरने की खबरें हुई थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में 16 नेपाली सैनिक घायल हुए थे और किसी की मौत की पुष्टि नहीं की गई थी। इस मामले की खबर दैनिक जागरण की वेबसाइट पर पढ़ी जा सकती है।

नेपाल न्यूज डॉट कॉम पर भी इस मामले से जुड़ी खबर पढ़ी जा सकती है। दी गई जानकारी के अनुसार, “नेपाल के मकवानपुर जिले में चुरियामाई के पास पूर्व–पश्चिम राजमार्ग पर नेपाल सेना का एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 16 जवान घायल हो गए।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने जम्मू व कश्मीर के डोडा में हुए हालिया हादसे से जुड़ी खबरों को चेक किया। दैनिक जागरण  की 22 जनवरी की खबर के मुताबिक, डोडा जिले में एक सैन्य वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। वाहन के खाई में गिरने से 10 जवान शहीद और 7 घायल हो गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया था और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। 

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण जम्मू व कश्मीर के ब्यूरो चीफ नवीन नवाज से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो डोडा हादसे का नहीं है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर काजल चौधरी की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के अनुसार, वह आगरा की रहने वाली हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो हालिया डोडा हादसे का नहीं है। यह वीडियो नेपाल में हुए एक पुराने आर्मी ट्रक हादसे से जुड़ा है।

  • Claim Review : डोडा में हादसे का शिकार हुए फैजी वाहन का वीडियो।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर ‘काजल चौधरी’
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later