Fact Check: रीवा में जमीन विवाद में महिलाओं को जिंदा दफनाने के पुराने मामले को किया जा रहा फिर वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मध्य प्रदेश के रीवा की यह घटना हाल-फिलहाल की नहीं है। जमीन विवाद के चलते हुआ यह मामला जुलाई 2024 में सामने आया था और इस मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था। पुराने मामले को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Feb 19, 2026 at 05:24 PM
- Updated: Feb 19, 2026 at 05:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक बार फिर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो महिलाएं जमीन में जिंदा गड़ी हुई नजर आ रही हैं। वीडियो शेयर करते हुए कई यूजर दावा कर रहे हैं कि मध्य प्रदेश के रीवा में हाल ही में एक घटना सामने आई है, जिसमें कुछ दबंगों ने जमीन विवाद में महिलाओं को जिंदा दफनाने की कोशिश की है। वीडियो शेयर करते हुए यूजर जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मध्य प्रदेश के रीवा की यह घटना हाल-फिलहाल की नहीं है। जमीन विवाद के चलते हुआ यह मामला जुलाई 2024 में सामने आया था और इस मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था। पुराने मामले को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘Bitu Rajbhar’ ने वायरल पोस्ट को 18 फरवरी 2026 को शेयर करते हुए लिखा, “यह कोई अफगानिस्तान या बांग्लादेश नहीं, हमारे अपने भारत की तस्वीर है! मध्यप्रदेश के रीवा में दबंगों ने जमीन विवाद में महिलाओं को जिंदा जमीन में गाड़ने की कोशिश की कहां है पुलिस प्रशासन।”

पड़ताल
यह वीडियो इससे पहले भी जातीय एंगल के फर्जी दावे से वायरल हो चुका है। उस वक्त भी हमने इस वीडियो की पड़ताल की थी। इस बार की पड़ताल को गूगल न्यूज सर्च के जरिए हमने शुरू किया। सर्च किए जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी कई खबरें मिलीं। द हिंदू की वेबसाइट पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट खबर में मिला। यहां इस खबर को 21 जुलाई 2024 को पोस्ट किया गया था। इस खबर के अनुसार, यह मामला मध्य प्रदेश के रीवा का है, जहां दो महिलाओं पर डंपर में भरा मुरम पलटकर उनको जिंदा दफनाने की कोशिश की गई।

इसी कड़ी में न्यूज सर्च किए जाने पर हमें नईदुनिया की 21 जुलाई 2024 की रिपोर्ट भी मिली, जिसके मुताबिक, ”पट्टे की जमीन पर रास्ता बनाने का विरोध करने पर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में 2 महिलाओं पर डंपर में भरा मुरम पलटकर उनको उसमें जिंदा दफनाने की कोशिश की गई। शनिवार दोपहर में हुई इस घटना का वीडियो रविवार को वायरल हुआ तो पुलिस ने मामले में कार्रवाई की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर दिए गए 22 जुलाई 2024 के आर्टिकल के अनुसार, इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, रीवा पुलिस ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इस मामले को लेकर अपना स्पष्टीकरण दिया था। 21 जुलाई 2024 को शेयर की गई एक्स पोस्ट को यहां देखा जा सकता है।
इससे पहले की गई इस वीडियो की पड़ताल में हमने रीवा के मनगवां पुलिस स्टेशन के प्रभारी राम तिवारी से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि आरोपी और पीड़ित पक्ष एक ही परिवार से संबंधित थे और उनके बीच, रास्ता निकालने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने तब कहा था, ”इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया चुका है, जिसमें डंपर चालक और उसका मालिक भी शामिल है।”
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Bitu Rajbhar’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर के बायो के अनुसार वह दिल्ली में रहते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मध्य प्रदेश के रीवा की यह घटना हाल-फिलहाल की नहीं है। जमीन विवाद के चलते हुआ यह मामला जुलाई 2024 में सामने आया था और इस मामले में शामिल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था। पुराने मामले को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : मध्यप्रदेश में हाल ही में महिलाओं को जिंदा गाड़ने की कोशिश की गई।
- Claimed By : फेसबुक यूजर 'Bitu Rajbhar'
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












