X
X

Fact Check: इजरायल पर ईरानी मिसाइल हमले के नाम पर वायरल हुआ शादी में आग का पुराना वीडियो

विश्वास न्‍यूज स्‍वतंत्र रूप से वायरल वीडियो में दिख रही घटना के लोकेशन की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन यह तय है कि यह वीडियो अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हो रही जंग से पहले का है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Mar 13, 2026 at 06:57 PM
  • Updated: Mar 14, 2026 at 06:07 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के जंग के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक इमारत में आग लगी हुई देखी जा सकती है। वीडियो में कुछ लोगों को इधर-उधर भागते हुए भी देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ईरान ने तेल अवीव (इजरायल) में एक समारोह को निशाना बनाकर हाइपरसोनिक मिसाइल दागी है, जिसमें इजरायली सेना के कई जनरल और महत्वपूर्ण हस्तियों की मौत हो गई है।

विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। जिस वीडियो को इजरायल पर हुए हमले का बताकर वायरल किया गया, वह जंग शुरू होने के पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। एक शादी समारोह में आग लगने के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Syed Asif Raza Jafri’ ने 13 मार्च 2026 को वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया, “इज़राईल से आ रही खबरों में बताया ईरान की एक हाइपरसोनिक मिसाइल ने तेल अवीव में आयोजित एक भव्य समारोह को निशाना बनाया, जिसमें इज़राईली सेना के कई अफ़सर समेत, जनरल, सैनिक और कई महत्वपूर्ण हस्तियां शामिल थीं। इस हमले में कई लोगों के मारे जाने की ख़बर है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल लेंस टूल से की। सबसे पहले वायरल वीडियो के कई ग्रैब्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यह वीडियो कई विदेशी सोशल मीडिया हैंडल्‍स पर मिला।

चिली के ‘Es de Bombero’ नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को 17 जनवरी 2026 को पोस्‍ट करते हुए स्‍पेनिश में बताया कि यह एक शादी समारोह में आग लगने का वीडियो है। वायरल वीडियो को यहां भी देखा जा सकता है।

इसी तरह इटली के ‘dep.firechief_fc’ नाम के इंस्‍टाग्राम हैंडल ने इसी वीडियो को 15 जनवरी 2026 को पोस्‍ट किया था।

हमारी अब तक की जांच में यह स्‍पष्‍ट हो गया कि जिस वीडियो को तेल अवीव पर हमले का बताकर वायरल किया जा रहा है वह 15 जनवरी 2026 से सोशल मीडिया पर मौजूद है, जबकि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमले की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को की थी। बीबीसी हिंदी की 1 मार्च 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी 2026 को ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला किया था, जिसके बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्‍ला अली खामेनेई की मौत हो गई।

अल जजीरा की 12 मार्च 2026 की एक रिपोर्ट में बताया गया कि मध्य इज़राइल में तेल अवीव के पास एक घर को रॉकेट से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसे कथित तौर पर हिज्बुल्लाह ने दागा था। हिज्बुल्लाह ईरान के साथ मिलकर संयुक्त हमले करता रहा है।

विश्वास न्यूज ने वायरल दावे को लेकर संबंधित कीवर्ड्स के जरिए इंटरनेट पर सर्च किया। हमें किसी भी भाषा में ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।

विश्वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से बात की और उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि तेल अवीव के किसी भी समारोह में ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिख रहा है। वायरल दावे में कोई सच्‍चाई नहीं है।

अब बारी थी फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच करने की। सैयद आसिफ रजा जाफरी के फेसबुक अकाउंट की स्‍कैनिंग से पता चला कि यूजर लखनऊ का रहने वाला है। इसे 16 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की पड़ताल में तेल अवीव पर हमले के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। इसका वर्तमान जंग से कोई ताल्लुक नहीं है। किसी शादी समारोह के पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया गया है। विश्वास न्‍यूज स्‍वतंत्र रूप से वायरल वीडियो में दिख रही घटना के लोकेशन की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन यह तय है कि यह वीडियो अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हो रही जंग से पहले का है।

  • Claim Review : ईरान की एक हाइपरसोनिक मिसाइल ने तेल अवीव में आयोजित एक भव्य समारोह को निशाना बनाया।
  • Claimed By : FB User Syed Asif Raza Jafri
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later