Fact Check: पेट्रोल की कमी के कारण ई-रिक्शा पर यूपी पुलिस की पेट्रोलिंग के दावे से AI वीडियो वायरल
‘पेट्रोल की कमी’ के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस का ई-रिक्शा से पेट्रोलिंग करने का किया जा रहा दावा गलत है और वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Mar 31, 2026 at 05:05 PM
- Updated: Apr 1, 2026 at 02:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते देश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर कई पोस्ट वायरल हो रही हैं, जबकि केंद्र सरकार इन दावों को अफवाह बता रही है। इससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यूपी पुलिस के जवानों को ई-रिक्शा पर पेट्रोलिंग करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यूपी पुलिस ने पेट्रोल की कमी के कारण ई-रिक्शा का प्रयोग करना शुरू कर दिया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की तो पता चला कि वीडियो एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। वीडियो में इस्तेमाल की गई शुरुआती दो तस्वीरें गूगल एआई की मदद से तैयार की गई हैं, जबकि बाद की क्लिप्स पर भी गूगल के ‘विओ’ का लोगो दिख रहा है। एआई-जनरेटेड वीडियो को पोस्ट कर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘random__clicks_444’ ने 28 मार्च 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “तेल की कमी को देखते हुए यूपी पुलिस की नई शुरुआत, 112 यूपी पुलिस।”
इस पोस्ट को करीब 62 लाख व्यूज मिले हैं।

एक्स यूजर ‘Raj kumar’ ने 29 मार्च 2026 को दो तस्वीरों को समान दावे के साथ शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इनमें भी ई-रिक्शा में बैठे पुलिसकर्मियों को देखा जा सकता है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन हमें कोई भरोसेमंद रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा होता तो मीडिया में खबर जरूर आती।
इसके बाद हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें शुरुआती दो तस्वीरों में ‘गूगल जेमिनी’ एआई का लोगो देखा जा सकता है।


हमने शुरुआती दोनों तस्वीरों को ‘गूगल सिंथ आईडी’ से चेक किया। इसमें इनके गूगल एआई से बने होने की पुष्टि हुई।


वीडियो में दो क्लिप्स को मर्ज किया गया है। इन पर ‘Veo’ के लोगो को देखा जा सकता है।

दोनों क्लिप्स के स्क्रीनशॉट को हमने ‘गूगल सिंथ आईडी’ से चेक किया तो इन्हें गूगल एआई टूल से बना हुआ बताया गया।

इसके बाद हमने वीडियो को ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया तो इसमें भी इसे करीब 95 फीसदी एआई-जनरेटेड बताया गया।

इससे यह साबित हो गया कि वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।
क्या है संदर्भ?
‘प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो’ हिंदी (पीआईबी हिंदी) के एक्स हैंडल पर 30 मार्च 2026 को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो अपलोड है। इसके अनुसार, “देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर कई कदम उठाए गए हैं और लगातार उठाए जा रहे हैं। हमारी रिफाइनरियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और कच्चे तेल का भंडार पर्याप्त है। हालांकि, कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी देखी गई है, जबकि अधिकांश रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। मैं नागरिकों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।” इसके साथ ही अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील भी की गई है।
‘DD News’ के एक्स हैंडल से भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की वीडियो क्लिप को 30 मार्च 2026 को अपलोड किया गया था।
भ्रामक पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर का अकाउंट अक्टूबर 2025 में बना है और इसके 6800 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: ‘पेट्रोल की कमी’ के कारण उत्तर प्रदेश पुलिस का ई-रिक्शा से पेट्रोलिंग करने का किया जा रहा दावा गलत है और वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।
- Claim Review : पेट्रोल की कमी के कारण यूपी पुलिस ने ई-रिक्शा से गश्त लगानी शुरू कर दी है।
- Claimed By : Insta User- random__clicks_444
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












