X
X

Fact Check: वाटर एम्बुलेंस को रास्ता देते हुए पीएम मोदी की तस्वीर एडिटेड, वायरल दावा गलत 

वाटर एम्बुलेंस को रास्ता देते हुए पीएम मोदी की वायरल हो रही तस्वीर असल में एडिटेड है। असली फोटो में वाटर एम्बुलेंस नहीं है। एक पुराने फोटो को एडिट कर अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Apr 14, 2026 at 04:20 PM
  • Updated: Apr 15, 2026 at 03:21 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां पहुंचे थे। जब वह सिलीगुड़ी में रोड शो कर रहे थे, इसी दौरान एक एम्बुलेंस वहां फंस गई। फिर पीएम मोदी ने अपने काफिले को रुकवाकर उसे रास्ता दिया। इसी से जोड़ते हुए एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में पीएम मोदी की बोट के पास से एक वाटर एम्बुलेंस को गुजरते हुए देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए दावा किया जा रहा है कि उन्होंने वाटर एम्बुलेंस को गुजरने के लिए रास्ता दिया था। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रही तस्वीर असल में एडिटेड है। असली फोटो में वाटर एम्बुलेंस नहीं है और इसे एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Vishal Chaudhary Kaptanganj’ ने 12 अप्रैल 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “एक बार वाटर एम्बुलेंस को भी रास्ता दिया गया है ..मुझे पता था आप सब ये भूल जाएंगे।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Money Control’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 7 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित किया गया था। इस रिपोर्ट में असली तस्वीर मौजूद है और उसमें देखा जा सकता है कि वहां वाटर एम्बुलेंस नहीं है। मौजूद जानकारी के अनुसार, तस्वीर साल 2012 की है, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने अहमदाबाद के साबरमती नदी तट पर स्पीड बोट और वाटर राइड्स का शुभारंभ किया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से जुड़ा वीडियो ‘DeshGujarat HD’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 16 अगस्त 2012 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र मोदी साबरमती नदी तट पर नौका गतिविधियों का शुभारंभ करने के बाद स्पीड बोट पर सवार हुए।

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखें।

अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर पुरानी है और इसे एडिट किया गया है। पीएम की छवि को खराब करने के लिए इस तरह की तस्वीरों को शेयर किया जाता है। 

क्या है संदर्भ?

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 11 अप्रैल 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “सिलीगुड़ी में रोड शो के दौरान जब प्रधानमंत्री का काफिला आगे बढ़ रहा था,उसी दौरान रास्ते में दो एम्बुलेंस आ गईं। प्रधानमंत्री के काफिले ने तुरंत दोनों एम्बुलेंस को रास्ता दिया। दोनों एम्बुलेंस सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार के साथ आगे निकल गईं।”

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की घोषणा की थी। 15 मार्च 2026 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में तारीखों का ऐलान किया था। असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38 फीसदी, पुडुचेरी में 89.83 फीसदी और केरल में 78.03 फीसदी तक मतदान दर्ज किए गए हैं। 

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होंगे। परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 11 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वाटर एम्बुलेंस को रास्ता देते हुए पीएम मोदी की वायरल हो रही तस्वीर असल में एडिटेड है। असली फोटो में वाटर एम्बुलेंस नहीं है। एक पुराने फोटो को एडिट कर अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : पीएम मोदी ने वाटर एंबुलेंस को दिया रास्ता।
  • Claimed By : FB User Vishal Chaudhary Kaptanganj
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later