Fact Check: बांग्लादेश में सुरक्षाबल के जवानों के लाठीचार्ज का वीडियो बंगाल चुनाव का बताकर वायरल
सुरक्षाबल के जवानों का लोगों पर लाठी चलाने का वीडियो बांग्लादेश का है। इसे बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 30, 2026 at 05:51 PM
- Updated: May 5, 2026 at 03:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को विधानसभा के लिए दूसरे चरण के मतदान के बाद अब 4 मई 2026 को मतगणना होगी। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सुरक्षाबल के जवानों को आम लोगों पर लाठी चलाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने लोगों पर बल प्रयोग किया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है, जिसे बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Adv Mohd Salman’ ने 29 अप्रैल 2026 को इस वीडियो को बंगाल हैशटैग के साथ शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अगर चुनाव का मतलब मात्र यही है कि जनता को प्रशासन के डंडों से दबाया जाए, आवाज़ उठाने वालों को प्रताड़ित किया जाए यदि चुनाव आयोग आज स्वतन्त्र होता तो आज मतदान के लिए लाइन में खड़े लोगों को खास पार्टी को जीत दिलाने के लिए इस तरह मार पीटा नहीं जाता जनता को मतदान का पूर्ण अधिकार है जिसके पक्ष में चाहे मतदान करें इस तरह के चुनाव सिर्फ एक दिखावा बनकर रह जाते हैं।”

एक्स यूजर ‘Anees Raja انیس راجا’ ने भी 29 अप्रैल 2026 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें एक गाड़ी का नंबर गैर-हिंदी भाषा में दिखा। गूगल लेंस की मदद से चेक करने पर ‘एलामी डॉट कॉम’ पर 30 दिसंबर 2018 को अपलोड हुई तस्वीर में गाड़ी का नंबर वायरल वीडियो जैसा लिखा हुआ मिला। जानकारी के अनुसार, यह बांग्लादेशी सेना का वाहन है।
वायरल वीडियो और एलामी की वेबसाइट पर दी गई तस्वीर में गाड़ियों के नंबरों में समानता देखी जा सकती है।

वायरल वीडियो पर ‘Law TV’ का लोगो लगा हुआ है। इस आधार पर हमने ‘Law TV’ के यूट्यूब चैनल को चेक किया। इसकी लोकेशन बांग्लादेश दी गई है। हालांकि, इस पर हमें वायरल वीडियो नहीं मिला।

हमने ‘Law TV’ के फेसबुक पेज को भी सर्च किया, लेकिन यह डिलीट किया जा चुका है।
इस बारे में हमने बांग्लादेश के न्यूज पोर्टल ‘प्रोबश टाइम्स’ के समाचार संपादक अराफात से संपर्क किया और उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उनका कहना है कि यह बांग्लादेश में हाल में हुए चुनाव के दौरान का वीडियो है। इसमें बांग्लादेशी सुरक्षाबल के जवान दिख रहे हैं।
इससे यह तो साबित हो गया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। हालांकि, हम इसकी सटीक लोकेशन और समय के बारे में कोई पुष्टि नहीं करते हैं।
क्या है संदर्भ?
भारत निर्वाचन आयोग के एक्स हैंडल पर 29 अप्रैल 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद से अब तक की सबसे ज्यादा चुनावी भागीदारी दर्ज की गई है। राज्य में दूसरे चरण में 91.66% मतदान हुआ है।
‘ऑल इंडिया रेडियो’ की वेबसाइट पर 30 अप्रैल 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों में 92.47 प्रतिशत की ऐतिहासिक वोटिंग दर्ज की गई है, जो आजादी के बाद से राज्य में सबसे ज्यादा है। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 91.66 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 93.19 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। दोनों चरणों को मिलाकर कुल वोटिंग 92.47 प्रतिशत रही। पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। लखनऊ में रहने वाले फेसबुक यूजर के करीब पांच हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: सुरक्षाबल के जवानों का लोगों पर लाठी चलाने का वीडियो बांग्लादेश का है। इसे बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने आम लोगों पर बल प्रयोग किया।
- Claimed By : FB User- Adv Mohd Salman
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












