Fact Check: लेबनान में इजरायली हमले का वीडियो कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले का बताकर वायरल
इजरायल ने लेबनान के शहर टायर में 28 मई 2026 को हमले किए थे। उस हमले के वीडियो को कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के मिसाइल हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 30, 2026 at 06:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हुए युद्ध के बाद चल रहे तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक इमारत के पीछे विस्फोट होते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो ईरान के कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हुए मिसाइल हमले का है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हमले का है। हालांकि, युद्धविराम के बीच कुवैत ने दावा किया कि 28 मई 2026 को उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों और ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया। वहीं, ईरान ने दावा किया कि उसने हाल में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में खाड़ी के एक देश में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाया था।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘indiscope24hr’ ने 28 मई 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “ईरान ने कुवैत स्थित अमेरिकी अड्डे पर घातक मिसाइल हमला किया।”
कैप्शन में लिखा है, “अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है। बंदर अब्बास में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान ने जवाबी हमला करते हुए अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि यह हमला अमेरिकी आक्रामकता के जवाब में किया गया है। इसी बीच कुवैत ने भी पुष्टि की है कि, उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों को इंटरसेप्ट कर रही है। लगातार बढ़ते सैन्य तनाव ने पूरे मिडिल ईस्ट में चिंता बढ़ा दी है।”
इस वीडियो के 1.71 लाख व्यूज हैं।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इजरायल की न्यूज वेबसाइट ‘iltv_israel’ के इंस्टाग्राम हैंडल से वायरल वीडियो को 28 मई 2026 को शेयर करते हुए लिखा गया, “इजरायल की वायु सेना ने दक्षिणी लेबनान के शहर टायर में हिजबुल्ला के ठिकाने पर हमला किया।”

‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ के यूट्यूब चैनल पर 28 मई 2026 को इस हमले से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया था। इसमें भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “28 मई 2026 को इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के शहर टायर में स्थित हिजबुल्ला के ठिकाने को निशाना बनाया।”
‘एनबीसी न्यूज’ की वेबसाइट पर अपलोड की गई वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, यूद्धविराम के बावजूद इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर हमले किए।

इस बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को लेबनान में हुए इजरायली हमले का बताया।
क्या है संदर्भ?
28 फरवरी 2026 को शुरू हुए अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बाद 8 अप्रैल को अस्थायी तौर पर युद्धविराम का ऐलान हुआ था। इसके बाद पश्चिमी एशिया में तनाव जारी है। 29 मई 2026 को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में कुवैत ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने 28 मई 2026 को मिसाइलों और ड्रोन हमलों को रोक दिया। वहीं, ईरान ने दावा किया कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में खाड़ी देश में स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया। हालांकि, उसने देश का नाम नहीं बताया। दरअसल, 27 मई की रात को अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमले करने का दावा किया था। ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने बंदर अब्बास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास हुए हमले की पुष्टि की थी। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर युद्धविराम के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं। इसके बाद भी अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का सिलसिला जारी है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। सितंबर 2024 में बने इस अकाउंट के 21 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इजरायल ने लेबनान के शहर टायर में 28 मई 2026 को हमले किए थे। उस हमले के वीडियो को कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के मिसाइल हमले का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो ईरान के कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हुए मिसाइल हमले का है।
- Claimed By : Insta User- 'indiscope24hr
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












