Fact Check: बांग्लादेश की मस्जिद को मिले दान वाले वीडियो को साई मंदिर का बताकर सांप्रदायिक दावे से किया जा रहा वायरल
दानपेटी से पैसे इकट्ठा करते लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो साई मंदिर का नहीं, बल्कि बांग्लादेश की एक मस्जिद का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 4, 2026 at 03:42 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दानपेटी से बोरियों में पैसे इकट्ठा करते लोगों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह शिरडी साई मंदिर का है। साई मंदिर को मिला दान मदरसे को दिया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश की एक मस्जिद का है, जिसे अब शिरडी साई मंदिर का बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। पहले भी सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल हो चुका है। हमने उसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘उमा शंकर राजपूत’ ने 2 जून 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “शिरडी सांई की झोली में डाली गई हिन्दुओं की कमाई कहाँ जा रही है खुद ही देख लो ! इसको इतना वायरल करो कि देश के एक एक हिंदू तक पहुंचे जोकि आंखे होते हुए भी अंधे बने हैं ?”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो को गौर से देखने पर हमें पता चला कि इसमें नजर आ रही करेंसी भारत की नहीं है। ऐसे में हमें वीडियो को लेकर किए जा रहे दावे पर संदेह हुआ।

यह वीडियो जब पहले वायरल हुआ था, उस दौरान हमें इससे जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट बांग्लादेशी वेबसाइट ‘newsbangla24’ पर मिली थी। इस रिपोर्ट को 6 मई 2023 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो बांग्लादेश के किशोरगंज की पगला मस्जिद का है। इस मस्जिद को दान में 5 करोड़ 59 लाख 7 हजार 689 टका मिले थे।

जांच के दौरान हमें वायरल वीडियो ‘কিশোরগঞ্জ ভিউস’ नाम के एक फेसबुक पेज पर भी मिला। इसे 6 मई 2023 को शेयर किया गया था। इसके कैप्शन में भी वीडियो को बांग्लादेश की पगला मस्जिद का ही बताया गया है।
यह वीडियो जब पहले वायरल हुआ था, उस दौरान विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल करते हुए इस फेसबुक पेज को चलाने वाले एडमिन ‘मोहम्मद यूनुस’ से संपर्क किया था। मोहम्मद यूनुस ने हमें बताया था कि यह वीडियो बांग्लादेश की पगला मस्जिद का है।
क्या है संदर्भ?
शिरडी साई मंदिर में हर साल करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है। नए साल पर शिरडी साई मंदिर को 23.29 करोड़ रुपये का दान मिला था। इस चढ़ावे में विदेशी करेंसी, सोना-चांदी और हीरे जैसी चीजें शामिल थीं। इतना ही नहीं हाल ही में एक भक्त ने 15 लाख रुपये मूल्य का असली हीरों से जड़ा मोरपंख आकार का सोने का ब्रोच मंदिर में दान दिया है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
आखिर में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दानपेटी से पैसे इकट्ठा करते लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो साई मंदिर का नहीं, बल्कि बांग्लादेश की एक मस्जिद का है।
- Claim Review : साई मंदिर को मिले दान को मदरसे को दिया जा रहा है।
- Claimed By : X User उमा शंकर राजपूत
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












