Fact Check: इथेनॉल वाले पेट्रोल के कारण टंकी पर मधुमक्खियों के झुंड का दावा फेक, AI से बनाए गए वीडियो और तस्वीर वायरल
इथेनॉल पेट्रोल के कारण टंकी पर मधुमक्खियों के झुंड वाला वीडियो और तस्वीर एआई से बनाए हुए साबित हुए, जबकि ई-20 पेट्रोल में पानी का दावा करने वाला वीडियो पुराना साबित हुआ। इसे अब वायरल किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 18, 2026 at 05:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश में ई-85 पेट्रोल को 5 जून 2026 को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया। अब इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीर वायरल हो रहे हैं। इसमें दावा किया जा रहा है कि इथेनॉल वाले पेट्रोल के कारण मोटरसाइकिल की टंकी पर मधुमक्खियों का झुंड आ गया। जबकि, एक वीडियो में इथेनॉल वाले पेट्रोल में पानी का दावा किया गया।
विश्वास न्यूज ने इन सबकी जांच की। ये फर्जी साबित हुए। तेल की टंकी के ऊपर मधुमक्खियों वाला वीडियो और तस्वीर एआई जेनरेटेड साबित हुए, जबकि बोतल में पेट्रोल वाले वीडियो की असलियत भी अलग निकली। पेट्रोल में मिलावट के पुराने वीडियो को इथेनॉल वाले पेट्रोल से जोड़ते हुए वायरल किया गया।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘तहकीक’ ने 13 जून 2026 को 11 सेकंड का एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “अपने बाइक में ईथेनॉल मिक्स पेट्रोल डालने का ये भी एक फायदा मिल रहा है मधुमक्खियां साथ में फ्री मिल रही हैं। E20 पेट्रोल में यह हाल है तो E85 पेट्रोल का क्या होगा.?”
इसी तरह ‘Vishal JyotiDev Agrwal’ नाम के एक एक्स यूजर ने 14 जून 2026 को एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “पेट्रोल में इतना ईथेनॉल मत मिलाओ गडकरी जी… कि मधुमक्खियाँ पेट्रोल टंकियों पर ही छत्ता बना लें।”
इसी तरह फेसबुक यूजर ‘Ganesh Chandra Binjola’ ने 14 जून 2026 को एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा किया, “लो भाई! भारतीय जनता पार्टी की नाक में दम करने वाली कोकरोच जनता पार्टी की तर्ज पर, अब देश (तेलंगाना) में डाॅग जनता पार्टी भी बन गई है जिसके द्वारा ईथेनॉल मिक्स पेट्रोल में पानी का लेवल दिखाकर जनता की गाड़ियों और पैसे की बरबादी तथा लोगों के जीवन से खिलवाड़ के खेल का पर्दाफाश किया है।”
सभी वायरल पोस्ट के कंटेंट यहां ज्यों के त्यों लिखे गए हैं। इन्हें सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इनके आर्काइव वर्जन यहां, यहां और यहां देखे जा सकते हैं।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने तीनों वायरल पोस्ट की अलग-अलग जांच की। सबसे पहले मधुमक्खियों वाले वीडियो, फिर तस्वीर और अंत में बोतल में पेट्रोल वाले वीडियो की विस्तार से पड़ताल की गई।
मधुमक्खियों के झुंड वाले वीडियो की सच्चाई
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले उस वीडियो की जांच की, जिसमें पेट्रोल डलवाते समय मोटरसाइकिल की टंकी पर मधुमक्खियों के झुंड को दिखाया गया है। यूजर्स के अनुसार, इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल डलवाते समय मधुमक्खियों का झुंड आ गया था। विश्वास न्यूज ने सबसे पहले कीवर्ड के जरिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें एक भी ऐसी विश्वसनीय खबर नहीं मिली, जिसमें यह बताया गया हो कि ऐसी कोई घटना हुई है। इससे हमें वीडियो के एआई-निर्मित होने का शक हुआ।
हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें वीडियो के नीचे की ओर एक वाटरमार्क दिखाई दिया। यह ऐसे वीडियो में होता है, जिसे ‘गूगल जेमिनी’ एआई टूल की मदद से तैयार किया जाता है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। सिंथआईडी की एनालिसिस इस वायरल वीडियो के गूगल एआई की मदद से बनाए जाने (कॉन्फिडेंस स्कोर: बेहद अधिक) की पुष्टि करती है।

मधुमक्खियों के झुंड वाली तस्वीर की जांच
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने उस तस्वीर की जांच की, जिसमें एक बाइक की पेट्रोल की टंकी के ऊपर मधुमक्खियों के झुंड को दिखाया गया है। इस वायरल तस्वीर के साथ दावा किया गया कि इथेनॉल वाला पेट्रोल भरवाने के बाद टंकी के ऊपर का यह नजारा है।
इस तस्वीर की जांच की शुरुआत में हमने एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली । ‘हाइव मॉडरेशन’ टूल पर इस तस्वीर को सर्च करने पर हमें पता चला कि यह एआई की मदद से बनाई गई है। ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस इस तस्वीर के ‘ग्रोक’ से बनाए जाने की अधिकतम संभावना (99.9) की पुष्टि करती है।

हमने इस तस्वीर को ‘साइट इंजन डिटेक्टर’ टूल की मदद से भी चेक किया। इसकी एनालिसिस (99%) इन तस्वीरों के एआई-क्रिएटेड होने की अधिकतम संभावना की पुष्टि करती है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने मधुमक्खियों वाले वीडियो और तस्वीर के बारे में कहा कि ये फर्जी हैं। इन्हें एआई टूल की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो को यदि ध्यान से देखा जाए तो मधुमक्खियां अचानक गायब हो जाती हैं। इस तरह की विसंगतियां एआई जेनरेटेड इमेज या वीडियो में सामान्य बातें हैं।
बोतल में पेट्रोल वाले वीडियो की जांच
अब बारी थी तीसरे वायरल दावे की जांच करने की। इसमें दावा किया गया कि इथेनॉल पेट्रोल में पानी मिलाकर बेचा जा रहा है। विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें कुछ पुरानी खबरों से पता चला कि वायरल वीडियो पुराना है। ‘इंडिया टुडे’ की 13 सितंबर 2025 की एक खबर में बताया गया कि तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक शख्स को कार में पेट्रोल भरवाने के बाद अपनी कार मैकेनिक को दिखानी पड़ी,। क्योंकि तेल भरवाने के बाद अगले ही दिन उसकी गाड़ी खराब हो गई । मैकेनिक के अनुसार, पेट्रोल में पानी मिला हुआ था।
सर्च के दौरान हमें भारत पेट्रोलियम की एक पोस्ट मिली। 17 जून 2026 की इस पोस्ट में उस दावों को फर्जी बताया गया, जिसमें दावा किया गया था कि ई-20 पेट्रोल के कारण टंकी के ढक्कन पर चींटियां लग रही हैं।
क्या है संदर्भ
केंद्र सरकार ने अब 100 फीसदी इथेनॉल के इस्तेमाल की इजाजत दे दी है। इसके तहत कंपनियां फ्लेक्स-फ्यूल से चलने वाली गाड़ियों का निर्माण करेंगी। केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के यूट्यूब चैनल पर हमें इससे जुड़ा एक वीडियो मिला। इस वीडियो के 24 मिनट की टाइमलाइन के बाद नितिन गडकरी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने पेट्रोल की जगह 100 फीसदी इथेनॉल के इस्तेमाल की इजाजत दे दी है। इससे जुड़ी फाइल को साइन कर दिया गया है और इसके हिसाब से कंपनियां अब गाड़ियां बनाएंगी।
इससे पहले देश में ई-20 से लेकर ई-85 तक इथेनॉल के मिश्रण की इजाजत दी जा चुकी है। ‘पीआईबी’ के 5 जून 2026 के प्रेस नोट के अनुसार, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इथेनॉल-मिश्रित ईंधन के बारे में गलतफहमियों को दूर करते हुए कहा, “ई-85 फ्यूल विशेष रूप से डिजाइन किए गए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए है, न कि सामान्य पेट्रोल वाहनों के लिए। जब से ई20 देश भर में मानक ईंधन बन गया है, तब से इथेनॉल सम्मिश्रण की वजह से इंजन फेल होने या वाहन के खराब होने का एक भी मामला सामने नहीं आया है। ई20-अनुकूल वाहन बेहतर एक्सेलरेशन और राइड क्वालिटी देते हैं, खासकर शहर में ड्राइविंग के दौरान। भारत में ई20 फ्यूल के इस्तेमाल का वाहन बीमा की वैधता पर कोई असर नहीं पड़ता है।”
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में इथेनॉल पेट्रोल से जुड़ी वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुईं। इथेनॉल पेट्रोल के कारण टंकी पर मधुमक्खियों के झुंड वाला वीडियो और तस्वीर एआई से बनाए हुए साबित हुए, जबकि ई-20 पेट्रोल में पानी का दावा करने वाला वीडियो पुराना साबित हुआ। इसे अब वायरल किया गया है।
- Claim Review : इथेनॉल वाले पेट्रोल की टंकी पर मधुमक्खियों का झुंड।
- Claimed By : X User Tahkeek
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












