X
X

Fact Check: अरुणाचल में चीनी सेना के घुसपैठ के दावे से वायरल वीडियो थाई आर्मी का है

अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के घुसपैठ करने का दावा फेक है और इस दावे से वायरल हो रहा वीडियो थाईलैंड की आर्मी का है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भारतीय सेना ने भी चीन के घुसपैठ के दावे का खंडन किया है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jul 10, 2026 at 04:25 PM
  • Updated: Jul 15, 2026 at 04:46 PM

नई दिल्ली (प्रज्ञा शुक्ला और अभिषेक पराशर)। चीन की सेना के अरुणाचल प्रदेश में घुसने के दावे से दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में बड़ी संख्या में सैनिकों को मार्च करते हुए देखा जा सकता है, वहीं दूसरे वीडियो में हथियारबंद सैनिकों को ट्रक से उतरते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि ये दोनों वीडियो चीनी सैनिकों के हैं, जो भारतीय सीमा में प्रवेश कर चुके हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में भारत में चीनी सेना के घुसपैठ के दावे को गलत पाया। दोनों वायरल वीडियो थाईलैंड आर्मी के हैं और इनका भारत से कोई संबंध नहीं है। सरकार और सेना दोनों ने भारत में चीनी सेना के घुसपैठ के दावे को फेक बताया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘mtkv.ideo’ ने 7 जुलाई 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा है, “चीन की सेना 60km भारत के अंदर घुस आई।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Tips Technical Pro’ ने 7 जुलाई 2026 को एक अन्य वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चीन ने भारत पर 60km का कब्जा कर लिया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Mohd Shahid Rangrez’ ने वायरल वीडियो को 8 जुलाई को शेयर करते हुए लिखा है, “अरुणाचल प्रदेश चीन की सेना हमारी धरती पर पहुच गई हैं.. अब हमे इस पर मोन नहीं रहना हैं. सभी भारतीयों का फर्ज की अब हम उन्हें सबक सिखायेंगे।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल – पहला वीडियो

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसके कई की फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें एक वीडियो (आर्काइव लिंक) थाईलैंड के फेसबुक पेज ‘Liangpha Kha Khaeng’ पर 16 जून 2026 को शेयर किया हुआ मिला। 

मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो थाई सेना का है। इसमें दूसरी रेजिमेंट की तीसरी बटालियन के नॉन-कमीशंड ऑफिसर (NCO) के जवानों की ट्रेनिंग  को दिखाया गया है। पेज पर थाई सेना और उनकी ट्रेनिंग से जुड़ी कई अन्य पोस्ट भी मौजूद हैं। 

इस पेज को खंगालने पर हमने पाया कि थाई सेना के ट्रेनिंग के कई वीडियो यहां मौजूद हैं। जवानों को वायरल वीडियो में जो झंडा पकड़े हुए दिखाया गया है, उसी हूबहू झंडे को इस पेज पर मौजूद कुछ वीडियो में भी, जवानों को पकड़े हुए देखा जा सकता है।

यानी यह वीडियो थाईलैंड की आर्मी का है और इसका भारत चीन विवाद से कोई संबंध नहीं है। 

दूसरा वीडियो 

दूसरे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो थाईलैंड के कई टिकटॉक यूजर्स की प्रोफाइल पर मिला। भारत में प्रतिबंधित होने की वजह से इन वीडियो को हमने एक्सप्रेस वीपीएन टूल की मदद से चेक किया

टिकटॉक यूज ‘ออกกำลังกาย’ ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए इसे थाई आर्मी का बताया गया है, जिसमें ट्रक से उतर रहे सभी जवानों के यूनिफॉर्म पर थाईलैंड के झंडे को देखा जा सकता है।

यह वीडियो (आर्काइव लिंक)हमें कई अन्य थाई टिकटॉक यूजर्स की प्रोफाइल पर समान संदर्भ में लगा मिला। 

Source : Tiktok User Sum Meng

इन वायरल वीडियो को लेकर हमने थाईलैंड के दो फैक्ट चेकर्स से संपर्क किया। दोनो ने पुष्टि करते हुए बताया, “वीडियो में नजर आ रहे जवाब थाई आर्मी के हैं।”  ट्रक से उतरते जवानों के वीडियो को लेकर एक फैक्ट चेकर ने बताया, “यह थाई सेना के जवानों के अभ्यास का वीडियो है।”

तीसरा वीडियो

अरुणाचल में चीनी सेना की घुसपैठ के दावे से एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसे गौर से देखा। हमने पाया कि इसमें एक सैनिक की वर्दी पर थाईलैंड का झंडा लगा हुआ है। ऐसे में हमें वायरल दावे के गलत होने का संदेह हुआ। इसके बाद हमें वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें इस वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Nation Thailand’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 3 जून 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हुई सैन्य झड़प का है।

हमने थाईलैंड के फैक्ट चेकर Chayanit Itthipongmaetee से भी इस बारे में जानने के लिए संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो थाईलैंड की सेना का है।

भारतीय सेना भी अपने आधिकारिक फैक्ट चेक अकाउंट से इस दावे का खंडन करते हुए इसे थाई आर्मी का बताया है। यानी दोनों ही वीडियो का भारत-चीन मामले से कोई संबंध नहीं है।

इस मामले से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

क्या है संदर्भ?

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुए कई अलग-अलग वीडियो में यह दावा किया गया कि चीनी सैनिक भारतीय सीमा में 60 किलोमीटर तक घुसपैठ कर चुके हैं।

इन दावों का सरकार और सेना ने खंडन किया है। भारतीय सेना के बयान के मुताबिक, “हमने कुछ मीडिया रिपोर्ट देखी हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि हाल ही में चीनी PLA ने अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ की है और कैंप लगाए हैं। ये रिपोर्ट गलत हैं और इनका कोई आधार नहीं है।”

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इन दावों को खारिज कर दिया कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने अरुणाचल प्रदेश में भारतीय इलाके में घुसपैठ की है। उन्होंने कहा कि भारतीय क्षेत्र में ‘कोई घुसपैठ नहीं’ हुई है। हालांकि, दोनों देशों की ओर से सीमा पार करने की घटनाएं होती रहती हैं, क्योंकि सीमा स्पष्ट रूप से तय नहीं है।

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रिजिजू ने कहा, “कोई घुसपैठ नहीं हुई है। सीमा तय न होने की वजह से दोनों तरफ से सीमा पार करने की घटनाएं होती रहती हैं।” किरेन रिजिजू अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं।

विदेश मामलों से संंबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के दुनिया सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘mtkv.ideo’ के अकाउंट को स्कैन किया। यह इंस्टाग्राम यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है। यूजर को सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के घुसपैठ करने का दावा फेक है और इस दावे से वायरल हो रहा वीडियो थाईलैंड की आर्मी का है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भारतीय सेना ने भी चीन के घुसपैठ के दावे का खंडन किया है। 

  • Claim Review : अरुणाचल प्रदेश में 60 किलोमीटर अंदर घुसपैठ कर गई चीनी सेना।
  • Claimed By : Inst User mtkv.ideo
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later