X
X

Fact Check: अमित शाह के इस्तीफे की मांग के साथ दिल्ली में प्रदर्शन का दावा गलत, वीडियो कोलकाता का है

दिल्ली में अमित शाह का इस्तीफा मांगने के दावे से वायरल हो रहा प्रदर्शन का वीडियो पुराना है। असल में 24 जुलाई 2026 को कोलकाता के सियालदह स्टेशन पर छात्रों ने केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगते हुए प्रदर्शन किया था। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Aug 6, 2026 at 05:42 PM
  • Updated: Aug 6, 2026 at 06:21 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें हजारों की तादाद में लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्‍ली में केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन हो रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। कोलकाता के एक पुराने वीडियो को दिल्ली का बताकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। दरअसल, 24 जुलाई 2026 को कोलकाता के सियालदह स्टेशन पर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। ये छात्र केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे थे। यह प्रदर्शन नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आयोजित किया गया था।

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘miror_of_truth’ ने 3 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों और छात्र संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हालिया घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर राजधानी की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी देखने को मिली।”

वीडियो पर लिखा है, “01 अगस्त 2026 ….दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब…गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की उठी मांग।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘Manchh’ नाम के एक एक्स अकाउंट पर मिला। इसे 25 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह वीडियो कोलकाता में हुए छात्रों के प्रदर्शन का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक पोस्ट ‘SFI – Students’ Federation of India’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिली। इस पोस्ट को 24 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों ने कोलकाता के सियालदह रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया था। एसएफआई और कई अन्य छात्र संगठनों ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया था। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने कोलकाता के सियालदह स्टेशन के बारे में गूगल मैप्‍स पर सर्च किया। हमें वायरल वीडियो के लोकेशन की हूबहू तस्वीरें गूगल मैप्स पर मिलीं। 

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के संवाददाता नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। दिल्‍ली में इस तरह का कोई प्रदर्शन नहीं हो रहा है।

क्या है संदर्भ?

‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी दलों और छात्र संगठनों द्वारा 20 जुलाई 2026 को दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में अमित शाह के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

नीट (NEET) परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में छात्रों ने कड़ा एतराज जताया था। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर 20 जून 2026 से आंदोलन शुरू किया गया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे धर्मेंद्र प्रधान के पद छोड़ने की मांग छात्र कर रहे थे। लंबे संघर्ष के बाद 25 जुलाई 2026 को धर्मेंद्र प्रधान ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इसी के साथ यह प्रदर्शन भी खत्म हो गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को आठ सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली में अमित शाह का इस्तीफा मांगने के दावे से वायरल हो रहा प्रदर्शन का वीडियो पुराना है। असल में 24 जुलाई 2026 को कोलकाता के सियालदह स्टेशन पर छात्रों ने केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगते हुए प्रदर्शन किया था। 

  • Claim Review : अमित शाह का इस्तीफा मांगते हुए लोगों ने दिल्ली में किया प्रदर्शन।
  • Claimed By : Inst miror_of_truth
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later