Fact Check: नेपाल में ‘हिंदू राष्ट्र’ की मांग को लेकर वायरल हो रहा हिंसक प्रदर्शन का वीडियो एक साल पुराना
नेपाल में जुलाई 2026 में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद एक संगठन ने वहां के गृह मंत्री को 13-सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था, जिसमें 'हिंदू राष्ट्र' पर चर्चा की मांग भी शामिल थी। इसको लेकर हिंसक प्रदर्शन के दावे से सितंबर 2025 का वीडियो वायरल हो रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 7, 2026 at 06:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में जुलाई 2026 में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद ‘हिंदू राष्ट्र’ पर चर्चा की मांग को लेकर एक संगठन ने वहां के गृह मंत्री सूदन गुरुंग को एक प्रस्ताव दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें प्रदर्शन करते हुए लोगों और उठ रहे धुएं का वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नेपाल में ‘हिंदू राष्ट्र’ की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ।
विश्वास न्यूज ने इस पोस्ट की जांच की तो पता चला कि वायरल दावा फेक है। शेयर किया जा रहा वीडियो सितंबर 2025 में नेपाल हुए जेन-जी आंदोलन का है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘New Buzz’ ने 5 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर कई जगहों पर प्रदर्शन और चर्चाएं देखने को मिल रही हैं। इस मुद्दे पर लोगों की अलग-अलग राय है। आधिकारिक निर्णय और विश्वसनीय जानकारी के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचें।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘इंडिया टुडे’ की पत्रकार मार्या शकील के एक्स अकाउंट से 9 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए इसे नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए जेन-जी आंदोलन का बताया गया।
‘डेली मेल’ की वेबसाइट पर 10 सितंबर 2025 को छपी एक रिपोर्ट में अपलोड किए गए वीडियो में भी वायरल क्लिप से मिलती-जुलती क्लिप देखी जा सकती है। इस रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन को लेकर युवाओं ने गुस्से में विरोध-प्रदर्शन किया था, जिसके बाद राजधानी व अन्य शहरों में हिंसा फैल गई थी।

‘डेली मेल’ के वीडियो और वायरल वीडियो में दिख रही इमारतें एक समान हैं।

‘NBCNews’ के यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो से संबंधित न्यूज को 9 सितंबर 2025 को पोस्ट किया गया था। इसमें भी इसे नेपाल में हुए प्रदर्शन का बताया गया था।
इससे यह साफ हो गया है कि वायरल क्लिप सितंबर 2025 में नेपाल में हुए हिंसक प्रदर्शन की है।
इस बारे में हमने नेपाल में ‘लुम्बिनी राइज’ के संपादक विनोद परियर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि नेपाल में कुछ समूहों ने ‘हिंदू राष्ट्र’ पर चर्चा की मांग को लेकर गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा है, लेकिन इसके लिए हिंसक प्रदर्शन नहीं हुआ है। नेपाल में हिंसक प्रदर्शन का बताकर वायरल हो रहा वीडियो साल 2025 का है।
क्या है संदर्भ?
नेपाल के मधेस इलाके में जुलाई 2026 के अंत में हुई सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद ‘हिंदू राष्ट्र’ पर चर्चा की मांग को लेकर एक संगठन ने गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा था। ‘द काठमांडू पोस्ट’ की 2 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “गृह मंत्री सूदन गुरुंग को ‘हिंदू सम्राट सेना’ नाम के एक गुट ने 13-सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें नेपाल को फिर से ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने पर बातचीत का प्रस्ताव भी शामिल था। हालांकि, बातचीत में शामिल अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया कि कोई औपचारिक समझौता हुआ है।”
‘नेपाल खबर’ की वेबसाइट पर 31 जुलाई 2026 को छपी एक खबर के मुताबिक, “प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन) ने साफ तौर पर कहा है कि उनकी सरकार नेपाल को हिंदू राष्ट्र बनाने या राजशाही को फिर से देश में लाने का समर्थन नहीं करती है।”
पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर दिल्ली में रहते हैं।
निष्कर्ष: नेपाल में जुलाई 2026 में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद एक संगठन ने वहां के गृह मंत्री को 13-सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था, जिसमें ‘हिंदू राष्ट्र’ पर चर्चा की मांग भी शामिल थी। इसको लेकर हिंसक प्रदर्शन के दावे से सितंबर 2025 का वीडियो वायरल हो रहा है।
- Claim Review : नेपाल में 'हिंदू राष्ट्र' की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन हुआ।
- Claimed By : FB User- New Buzz
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












