X
X

Fact Check: हिसार में पुलिस और सफाई कर्मचा‍र‍ियों के बीच हुआ था टकराव, AI से बनाई गई है वायरल तस्वीर

विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल तस्वीर एआई निर्मित निकली। जांच में यह भी पता चला कि हिसार में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान पुलिस से टकराव हुआ था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा में कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रहा है। इसमें एक पुलिसकर्मी को एक मह‍िला को लात मारते हुए द‍िखाया गया है। इस तस्वीर को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल तस्वीर और उसके दावे की जांच की। वायरल तस्वीर एआई से बनाई गई है। जांच में हमें कई ऐसी मीड‍िया र‍िपोर्ट्स मिलीं, जिनमें बताया गया कि 1 सितंबर 2026 को हिसार शहर में पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव हुआ था। इस टकराव में एक पुलिसवाले ने एक महिला को धक्का मार द‍िया था, लेकिन यह तस्वीर एआई से बनाई गई है।

क्‍या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Lakshay Moun Matour’ ने 2 सितंबर 2026 को एक तस्वीर शेयर करते हुए ल‍िखा, “महिला सम्मान की बात करने वाली पार्टी की पुलिस द्वारा देख लो महिलाओं को कैसे सम्मान दिया जा रहा है। हिसार में महिला सफाई कर्मचारी पर जोर आज़माइश!। हरियाणा पुलिस को आखिर हो क्या गया? क्या पुलिस की ट्रेनिंग में कोई नया संशोधन आया है? कभी बुजुर्गों के सिर फोड़ रहे हैं, कभी महिलाओं को लात मार रहे हैं। विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए, लेकिन ऐसे पुलिस मुलाजिम पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। किसान पुत्र रविन्द्र काजल।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल तस्वीर की सच्‍चाई जाननी चाही इसल‍िए इस तस्वीर को हमने ध्यान से देखा। तस्वीर में हमें मह‍िला को लात मारते पुलिस वाले की अंगुल‍ियां कटी हुई नजर आईं। इसके अलावा इस पुलिसकर्मी के बगल में खड़े एक अन्य पुलिस वाले का शरीर आधा नजर आया।

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने ‘AIorNot’ टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने वायरल तस्वीर के लिए 92 फीसदी संभावना इस बात की जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को ‘वाज इट एआई’ नाम के दूसरे टूल से चेक किया। इस टूल के नतीजों में वायरल तस्वीर के 100 प्रतिशत एआई से बने होने की संभावना जताई गई।

इसी तरह तस्वीर को ‘साइट इंजन’ टूल की मदद से भी चेक किया गया। इसके एनालिसिस में इस वायरल तस्वीर के एआई से बने होने के करीब 99% संकेत मिले।

जांच के दौरान वायरल तस्वीर को स्कैन करने के ल‍िए ‘INVID’ का इस्तेमाल किया गया और इस टूल ने वायरल फोटो के एआई से बने होने की करीब 99 फीसदी संभावना जताई। इस टूल में लाल रंग (≥90%) का मतलब है कि इस बात की संभावना बहुत ज्‍यादा है कि इस कंटेंट को एआई की मदद से बनाया गया है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए हिसार पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को स्कैन किया। हमें हिसार पुलिस के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। इसमें बताया गया कि फेक इमेज बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पड़ताल के अगले चरण में हमने गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें ‘भास्कर डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 2 सितंबर 2026 की इस खबर में बताया गया, “हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को एस्कॉर्ट करके पहुंची पुलिस टीम और प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव हो गया। महिलाओं ने कूड़ा उठाने वाले वाहन के ड्राइवर को भी बाहर खींच लिया और मारपीट की। एसएचओ की वर्दी खींची गई। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी एक महिला को धक्का मारता दिखा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला सफाईकर्मी गिरते-गिरते बची। उसने दोबारा उठकर विरोध जताया, तो उसे दोबारा धक्का दिया गया। वहीं, इस टकराव में सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनको मामूली चोटें भी आई हैं।”

‘दैनिक जागरण’, हिसार के 2 सितंबर 2026 के संस्‍करण में प्रकाशित एक खबर में बताया गया, “हिसार में नगर निगम के 667 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मंगलवार को सेक्टर 9-11 और अर्बन एस्टेट में कचरा संग्रहण कराया गया। अर्बन एस्टेट में हड़ताली कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। उन्हें पकड़ने के दौरान करीब पांच पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें लगीं और कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से संपर्क किया और उनके साथ वायरल तस्वीर शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह फेक है। इसे लेकर एफआईआर दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

विश्वास न्‍यूज ने दैनिक जागरण, हिसार के ब्‍यूरो चीफ अमित धवन से भी संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल तस्वीर फेक है। इसे एआई से बनाया गया है। इसे लेकर दो लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।

क्‍या है संदर्भ?

हरियाणा में छह अगस्‍त 2026 से सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन की हड़ताल चल रही है। सरकार ने इनकी 13 में से 12 मांगें मान ली हैं। दैनिक जागरण के 3 सितंबर 2026 के हिसार संस्करण की एक खबर में बताया गया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। दूसरी ओर सरकार और प्रशासन ने वैकल्पिक इंतजामों के जरिए कूड़ा उठाने का प्रयास किया तो टकराव बढ़ गया। हिसार में 30 कर्मचारियों को अभी तक हिरासत में ल‍िया गया है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के अंत में एआई तस्वीर शेयर करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की । यूजर को फेसबुक पर पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मार्च 2022 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल तस्वीर एआई निर्मित निकली। जांच में यह भी पता चला कि हिसार में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान पुलिस से टकराव हुआ था।

  • Claim Review : हिसार में पुलिसकर्मी ने मह‍िला को पीछे से मारी लात।
  • Claimed By : FB User Lakshay Moun Matour
  • Fact Check : झूठ
Our Sources
  1. AIorNot Analysis for AI Detection
  2. WasItAI Analysis for AI Detection
  3. Sight Engine Analysis for AI Detection
  4. INVID Analysis for AI Detection
  5. X Post by Hisar Police 
  6. News Report by Bhaskar.com, Dated 2 Sep 2026 
  7. News Report by Dainik Jagran, Dated 2 Sep 2026
  8. News Report by Dainik Jagran, Dated 3 Sep 2026

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later