Fact Check: इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद भागते स्कूली बच्चों का वीडियो 2018 का है, हालिया नहीं
इंडोनेशिया में सितंबर 2026 की शुरुआत में चार ज्वालामुखियों में विस्फोट हुए हैं, लेकिन वायरल वीडियो फरवरी 2018 का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 10, 2026 at 05:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडोनेशिया में सितंबर 2026 की शुरुआत में चार ज्वालामुखियों में विस्फोट हुआ था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ऊंचे उठते धुएं और राख के गुबार को देखा जा सकता है। वीडियो में स्कूल के कुछ बच्चे भी भागते हुए दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद स्कूल के बच्चे डरकर भागने लगे।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो 19 फरवरी 2018 में इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा के ज्वालामुखी में हुए विस्फोट का है। हालांकि, सितंबर 2026 की शुरुआत में इंडोनेशिया में चार ज्वालामुखियों में विस्फोट की घटना सामने आई थी।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘ABC News 24 x 7’ ने 9 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इंडोनेशिया में एक ही दिन छह ज्वालामुखियों में विस्फोट दर्ज किए गए। इनमें सिनाबुंग, सेमेरू, अनाक क्राकाटोआ, लेवोटोबी लाकी-लाकी, इली लेवोटोलोक और इबू शामिल हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इन गतिविधियों का आपस में कोई सीधा संबंध नहीं है और अधिकारियों की नजर स्थिति पर बनी हुई है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। इंडोनेशिया के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘espos’ पर 21 फरवरी 2018 को इस वीडियो से संबंधित एक रिपोर्ट छपी थी। इसमें वीडियो के कीफ्रेम को भी देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, “19 फरवरी, 2018 को उत्तरी सुमात्रा के कारो रीजेंसी में माउंट सिनाबुंग के फटने के दौरान प्राइमरी स्कूल के बच्चों की घबराहट और चीख-पुकार के पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। यह वीडियो 20 फरवरी को सामने आया। इसमें कुछ बच्चे माउंट सिनाबुंग के फटने का नजारा देख रहे हैं, जबकि कुछ अन्य बच्चे रोते हुए भाग रहे हैं।”

इंडोनेशिया के न्यूज ब्रॉडकास्टर ‘Kompas TV’ के यूट्यूब चैनल पर 20 फरवरी 2018 को अपलोड किए गए एक वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, “उत्तरी सुमात्रा के कारो रीजेंसी के नमन जिले में स्थित नमन तेरान स्टेट एलिमेंट्री स्कूल में 19 फरवरी की सुबह माउंट सिनाबुंग में विस्फोट हुआ, तो छात्र घबरा गए और जोर-जोर से रोने लगे।”
‘द जकार्ता पोस्ट’ की वेबसाइट पर 22 फरवरी 2018 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, “उत्तरी सुमात्रा के कारो इलाके में एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के छात्रों ने अपने क्लासरूम से राख साफ की। एक दिन पहले ही पास के माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था।”

इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट हुआ है, जिसकी राख से वहां कई लोगों को परेशानी हुई है।
हमने इसकी अधिक जानकारी के लिए ‘द जकार्ता पोस्ट’ की पत्रकार येरिका लई से भी फेसबुक पर संपर्क किया है। उनका जवाब आते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।
क्या है संदर्भ?
इंडोनेशिया में सितंबर 2026 की शुरुआत में चार ज्वालामुखियों के फटने के मामले सामने आए हैं। इंडोनेशिया की न्यूज एजेंसी ‘अंतारा’ की वेबसाइट पर 7 सितंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, “सितंबर की शुरुआत में पूर्वी नुसा तेंगारा में माउंट इली लेवोटोलोक, पूर्वी जावा में माउंट सेमेरू, उत्तरी सुमात्रा में माउंट सिनाबुंग और लैम्पंग में माउंट अनाक क्राकाटोआ में विस्फोट हुए थे। 1 से 5 सितंबर के बीच माउंट इली लेवोटोलोक में 1,873 बार विस्फोट की सूचना मिली थी। देश में करीब 500 ज्वालामुखी हैं, इनमें से 127 सक्रिय हो सकते हैं। 6 सितंबर को माउंट सेमेरु में विस्फोट हुआ, जबकि 31 अगस्त 2026 की सुबह माउंट सिनाबुंग में एक बड़ा विस्फोट हुआ था। 4 सितंबर को माउंट अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी फटा था।”
‘रॉयटर्स’ की वेबसाइट पर 2 सितंबर 2026 को कारो के माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद निकलते धुएं और राख की तस्वीर प्रकाशित हुई है। जानकारी के अनुसार, “2 सितंबर 2026 को इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत के कारो से माउंट सिनाबुंग ज्वालामुखी के फटने के दौरान एक एलिमेंट्री स्कूल में छात्र भागते हुए दिखाई दे रहे थे।”

‘जकार्ता ग्लोब’ में 7 सितंबर 2026 को छपी एक खबर के अनुसार, “जियोलॉजिकल एजेंसी के ज्वालामुखी और भू-वैज्ञानिक खतरा रोकथाम केंद्र ने कहा है कि माउंट अनाक क्राकाटोआ का 25 घंटे तक लगातार चला विस्फोट तो रुक गया है, लेकिन यह ज्वालामुखी अभी भी सक्रिय है और निकट भविष्य में फिर से फट सकता है।”
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर का अकाउंट 24 अगस्त 2017 में बना था और इसके लगभग 3 लाख 31 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इंडोनेशिया में सितंबर 2026 की शुरुआत में चार ज्वालामुखियों में विस्फोट हुए हैं, लेकिन वायरल वीडियो फरवरी 2018 का है।
- Claim Review : इंडोनेशिया में ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद स्कूल के बच्चे डरकर भागने लगे।
- Claimed By : Fb User- ABC News 24 x 7
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












