X
X

Fact Check: इंडोनेशिया के ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ है, लेकिन वीडियो AI निर्मित है

इंडोनेशिया में 4 सितंबर 2026 की रात 'अनाक क्राकाटोआ' ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है।

Indonesia Mount Anak Krakatau volcano Eruption AI Video Viral

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडोनेशिया में 4 सितंबर 2026 की रात ‘अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ज्वालामुखी विस्फोट के बाद ऊंचे उठते लावा और भागते लोगों को देखा जा सकता है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो इंडोनेशिया के ‘अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में हुए विस्फोट का है।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो एआई-निर्मित निकला। इसे एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। हालांकि, इंडोनेशिया में ‘अनाक क्राकाटोआ’ समेत चार ज्वालामुखियों में विस्फोट हुआ है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Sitapur Express News’ ने 8 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इंडोनेशिया में Anak Krakatau फिर सक्रिय इंडोनेशिया के Anak Krakatau ज्वालामुखी की राख से करीब 2,961 उड़ानें प्रभावित हुईं और 3.41 लाख यात्री परेशान हुए। एयरपोर्ट अब धीरे-धीरे खुल रहे हैं, निगरानी जारी है।”

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए जब हमने इसे ध्यान से देखा, तो इसमें शुरू में ज्वालामुखी विस्फोट के समय लोग निश्चिंत खड़े हुए दिखाई देते हैं और थोड़ी देर बाद वहां खड़ी गाड़ियां भी अचानक दौड़ने लगती हैं। वहीं, एक कार में ड्राइवर नहीं दिख रहा है, जबकि सड़क पर भागते एक व्यक्ति के पैर गायब हो जाते हैं और वह खुद पीछे के बैकग्राउंड में मर्ज होते हुए दिखता है। इससे हमें वायरल वीडियो के एआई टूल्स से बने होने की आशंका हुई।

हमने वीडियो को एआई डिटेक्टर टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया, तो इसे 94 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया गया।

हमने वीडियो के कीफ्रेम को ‘वॉज इट एआई’ से चेक किया, तो टूल ने इसे 97 परसेंट एआई-निर्मित बताया।

अधिक पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो के कीफ्रेम को ‘imagewhisperer’ टूल पर चेक किया। इस टूल ने वीडियो के कीफ्रेम के एआई-निर्मित होने की संभावना जताई।

इससे पता चलता है कि वायरल वीडियो एआई-निर्मित है।

इसके बाद हमने ‘अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में हुए विस्फोट की वीडियो फुटेज गूगल पर कीवर्ड के जरिए सर्च की, तो हमें ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के यूट्यूब चैनल पर 6 सितंबर 2026 को इस घटना का वीडियो अपलोड किया हुआ मिला।

वायरल वीडियो और एपी के वीडियो न्यूज के स्क्रीनशॉट के कोलाज को यहां देखा जा सकता है।

क्या है संदर्भ?

इंडोनेशिया के ‘अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में 4 सितंबर 2026 की रात विस्फोट हुआ था। ‘सीएनबीसी इंडोनेशिया’ की वेबसाइट पर 7 सितंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, ”अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में विस्फोट से निकली राख का असर कई इलाकों में लोगों ने महसूस किया। ‘अनाक क्राकाटोआ’ के अलावा तीन अन्य ज्वालामुखियों, नॉर्थ मलुकु में माउंट इबू, ईस्ट जावा में माउंट सेमेरू और ईस्ट नुसा तेंगारा में भी विस्फोट के कारण लावा निकला। निकट होने के बावजूद इन चारों में हुए विस्फोटों का आपस में कोई सीधा संबंध नहीं है। ‘इंडोनेशियाई एसोसिएशन ऑफ डिजास्टर एक्सपर्ट्स’ (IABI) के सदस्य डार्योनो ने बताया कि ज्वालामुखियों के बीच मैग्मा चैंबर को जोड़ने वाली कोई पाइपलाइन नहीं है। आधिकारिक मैग्मा ESDM वेबसाइट के अनुसार, 7 सितंबर 2026 तक भी विस्फोट जारी थे।”

इंडोनेशिया की न्यूज एजेंसी ‘अंतारा’ की वेबसाइट पर 7 सितंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, “इंडोनेशिया में लगभग 500 ज्वालामुखी हैं, जिनमें से 127 को सक्रिय माना जाता है। इस वजह से यहां ज्वालामुखी अक्सर फटते रहते हैं, जिससे लोगों की सेहत और सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। सितंबर 2026 की शुरुआत में पूर्वी नुसा तेंगारा में माउंट इले लेवोटोलोक, पूर्वी जावा में माउंट सेमेरू, उत्तरी सुमात्रा में माउंट सिनाबुंग और लैम्पंग में माउंट अनाक क्राकाटोआ में विस्फोट हुए थे। सिर्फ 1 से 5 सितंबर 2026 के बीच माउंट इले लेवोटोलोक में 1,873 बार विस्फोट की सूचना मिली, जिसमें राख का गुबार इसके शिखर से 200-700 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचा। 7 सितंबर की सुबह भी विस्फोटों का सिलसिला जारी रहा और दो अन्य विस्फोट दर्ज किए गए।”

‘बीबीसी’ की 8 सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “इंडोनेशिया ने 8 सितंबर की आधी रात के बाद पांच एयरपोर्ट फिर से खोल दिए। वीकेंड पर ज्वालामुखी फटने के कारण दो दिनों तक वहां कामकाज रोकना पड़ा था।”

एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। 28 जुलाई 2018 को बने इस पेज के करीब 7,800 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: इंडोनेशिया में 4 सितंबर 2026 की रात ‘अनाक क्राकाटोआ’ ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था। हालांकि, इससे जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। 

  • Claim Review : इंडोनेशिया के 'अनाक क्राकाटोआ' ज्वालामुखी में विस्फोट का दृश्य।
  • Claimed By : FB User- Sitapur Express News
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later