Fact Check: जयपुर में पुजारी की पिटाई के वीडियो को छेड़खानी के झूठे दावे के साथ किया गया वायरल
जयपुर के एक मंदिर में तेज आवाज में भजन बजने के आरोप में पुजारी की पिटाई की गई थी। इसमें छेडछाड जैसा कोई मामला नहीं था।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 29, 2026 at 05:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर 17 सेकंड का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक और एक महिला को मंदिर में मौजूद बुजुर्ग पुजारी को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि मंदिर में एक पुजारी, नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, तभी उसके पिता ने आकर पिटाई कर दी।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इस पोस्ट की जांच की। यह दावा गलत साबित हुआ। दरअसल, राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक गणेश मंदिर में 25 सितंबर 2026 को एक पुजारी के साथ मारपीट हुई थी। मंदिर में तेज आवाज में भजन बजाने को लेकर यह बवाल हुआ था। पड़ोसी युवक हरीश और देवांश ने पुजारी रामकृष्ण के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘Singhgill’ (@singhgill855) ने 28 सितंबर 2026 को वीडियो शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा, “A hindu priest was molesting young girl in hindu temples than father of a minor girl came and start beating him in temple why Hindu priest do this everyday beware if you have young children.”
(दावे का हिंदी अनुवाद : एक हिंदू मंदिर में एक कम उम्र की लड़की के साथ एक हिंदू पुजारी छेड़छाड़ कर रहा था, तभी उस नाबालिग लड़की के पिता ने आकर मंदिर में ही उसकी पिटाई कर दी। हिंदू पुजारी ऐसा रोज क्यों करते हैं? अगर आपके छोटे बच्चे हैं, तो सावधान रहें।)

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें ‘jaipur.patrakarji’ लिखा हुआ नजर आया। इस क्लू के आधार पर हमने इस अकाउंट को सर्च करना शुरू किया। हमें इंस्टाग्राम पर यह अकाउंट मिला। इस अकाउंट पर 27 सितंबर 2026 को मूल वीडियो अपलोड करते हुए बताया गया, “जयपुर के करधनी थाना इलाके में गणेश नगर स्थित शिव मंदिर के 63 वर्षीय पुजारी पंडित रामकृष्ण के साथ लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर पड़ोसी परिवार ने बर्बरता से मारपीट कर दी। पूजा और बच्चों के पाठ के दौरान सामने रहने वाले लोगों ने आवाज को लेकर विवाद किया और आरोप है कि बुजुर्ग पुजारी को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे उनके कपड़े फट गए और मालाएं टूट गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर दर्ज करते हुए पिता-पुत्र हरीश चतुर्वेदी और देवांश चतुर्वेदी को हिरासत में ले लिया है।”

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान जयपुर से प्रकाशित ‘दैनिक भास्कर’ के ईपेपर को चेक किया। हमें 26 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक खबर मिली। इसमें भी तेज आवाज को ही इस मारपीट की वजह बताई गई थी। भास्कर की खबर में बताया गया, “निवारू रोड स्थित गणेश नगर मेन के एक शिव मंदिर में पुजारी से मारपीट की घटना सामने आई है। यह मामला करधनी थाने का है। शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भजन बज रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज को लेकर पड़ोसी युवकों का पुजारी रामकृष्ण (पीड़ित) के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने पुजारी रामकृष्ण को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, इससे उनके कपड़े भी फट गए। बाद में वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पुजारी को छुड़ाया। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। करधनी थाने के एसएचओ सवाई सिंह ने बताया कि पीड़ित पुजारी रामकृष्ण की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी हरीश और देवांश को गिरफ्तार कर लिया गया।”

इस खबर को भास्कर डॉट कॉम’ पर भी 28 सितंबर 2026 को विस्तार से प्रकाशित किया गया था।
‘आजतक’ की वेबसाइट पर भी इस घटना से जुड़ी खबर पब्लिश की गई है। 27 सितंबर 2026 की खबर में पुलिस के हवाले से बताया गया कि मंदिर के सामने रहने वाले युवक को स्पीकर से आपत्ति थी और इसी को लेकर विवाद उपजा था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। खबर में करधनी के थानाधिकारी सवाई सिंह के हवाले से बताया गया है कि मंदिर के पुजारी रामकृष्ण ने थाने में मारपीट की रिपोर्ट दी थी। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की है।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौश्रान जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण वर्तमान से संपर्क किया। उन्होंने वायरल पोस्ट को फेक बताया।
विश्वास न्यूज की अब तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पुजारी के साथ मारपीट में छेड़छाड़ का आरोप नहीं है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुजारी ने जहां मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है, वहीं, आरोपी पड़ोसी परिवार ने तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर पुलिस में शिकायत की है।
क्या है संदर्भ?
जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित मंदिर में 25 सितंबर 2026 को रामकृष्ण नाम के पुजारी के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। दरअसल, भजनों की तेज आवाज को लेकर पड़ोसी परिवार का पुजारी से विवाद हो गया था। इसके बाद मंदिर में घुसकर पुजारी की पिटाई की गई थी।
भास्कर डॉट कॉम की 28 सितंबर 2026 की एक खबर के अनुसार, पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है और पुलिस ने शांति भंग और मारपीट के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच के अंत में जयपुर की घटना के वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। यह एक्स हैंडल जनवरी 2025 में बनाया गया था। यूजर कनाडा में रहता है।
- Claim Review : मंदिर में नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी करने पर पुजारी की पिटाई।
- Claimed By : X User Singhgill
- Fact Check : झूठ
- Video Posted by IG@jaipur.patrakarji, Dated 27 Sep 2026
- News Report of Dainik Bhaskar, Dated 26 Sep 2026
- News Report by aajtak.in, Dated 27 Sep 2026
- News Report by bhaskar.com, Dated 28 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












