X
X

Fact Check: गुजरात और इंडोनेशिया के हैं राजस्थान में भारी बारिश और तूफान से मची तबाही के दावे से वायरल वीडियो

राजस्थान के जयपुर में भारी बारिश से जलभराव के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो गुजरात के सूरत का है, जबकि दूसरा वीडियो अजमेर का नहीं, बल्कि इंडोनेशिया का है।

Rajasthan Rain Video, Rajasthan Heavy Rain, Rajasthan Storm Video, Rajasthan Viral Video, Gujarat Rain Video, Indonesia Storm Video, Rajasthan Weather

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चली हैं। राज्य के इस बदले हुए मौसम से जोड़कर सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो में भारी बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और उसमें फंसे वाहनों को देखा जा सकता है। वहीं, दूसरे वीडियो में तेज हवा में एक टीन शेड उड़ता हुआ दिख रहा है। कुछ यूजर्स पहले वीडियो को जयपुर में हुई भारी बारिश के बाद जलभराव और दूसरे वीडियो को अजमेर में आए तूफान का बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि ये राजस्थान के नहीं हैं। इनमें से जलभराव वाला वीडियो गुजरात के सूरत का है, जबकि तेज हवा वाला वीडियो इंडोनेशिया का है। दोनों वीडियो जुलाई 2026 के हैं।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Prakhar gyan news’ ने 26 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “जयपुर का आज का यह हाल। 26 सितंबर 2026।”

इंस्टाग्राम यूजर ‘ramavtar__prajapat__’ ने 27 सितंबर 2026 को तूफान वाला वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अजमेर ब्यावर क्षेत्र में अर्बन चक्रवर्ती का तांडव देखने को मिला है चल रहा है केमिकल की फैक्ट्री के तीन सेट सहित हजार लोगों को हुआ नुकसान जिसमें 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं एक दो लोगों की मृत्यु हुई है 2 दिन तांडव मचाएगी अर्बन चेक करवाते तूफान।”

पड़ताल

वायरल दावों की जांच के लिए हमने वीडियो को एक-एक करके चेक किया।

पहला वीडियो

इस वीडियो में जलभराव में फंसे वाहन चालकों को देखा जा सकता है। वीडियो का कीफ्रेम निकालकर हमने उसे गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘लोकमत टाइम्स’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 8 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर किया गया था। इस पोस्ट के अनुसार, “लगातार बारिश की वजह से सूरत में बाढ़ आ गई है। पिछले दो दिनों में सूरत में मानसून से जुड़ी घटनाओं में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है क्योंकि भारी बारिश के कारण पूरे शहर में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई है।”

यूट्यूब चैनल ‘My Nation’ पर भी 8 जुलाई 2026 को अपलोड किए गए वायरल वीडियो को गुजरात के सूरत का बताया गया है।

इस वीडियो में एक इमारत दिख रही है जिस पर ‘किया’ लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने इस इमारत को गूगल मैप्स पर सर्च किया। इसमें हमें यह इमारत गुजरात के सूरत में मिली।

इस बारे में हमने सूरत में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर मयूर ठाकर से संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो सूरत का है, जयपुर का नहींं।

इससे पता चलता है कि जयपुर में भारी बारिश और जलजमाव के नाम पर वायरल वीडियो सूरत का है।

वीडियो को राजस्थान के जयपुर का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को भी हमने स्कैन किया। 7 सितंबर 2014 में बने इस पेज के करीब 19 हजार फॉलोअर्स हैं।

दूसरा वीडियो

दूसरे वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च करने पर इससे संबंधित खबर हमें इंडोनेशिया के न्यूज पोर्टल ‘batamnews’ पर 22 जुलाई 2026 को अपलोड मिली। इसमें वायरल वीडियो के कीफ्रेम का भी प्रयोग किया गया है। इसके अनुसार, यह फोटो बटम के बाटू अम्पर में आए एक बवंडर का है।

यूट्यूब चैनल ‘theSunMedia’ पर 24 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो क्लिप को पोस्ट किया गया था। इसके मुताबिक, 22 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे इंडोनेशिया के बटम (बटू अम्पर, तंजुंग सेंगकुआंग) में PT VME इंडस्ट्रियल एरिया में बवंडर की तेज हवाओं के कारण मजदूरों की दो डॉर्मिटरी (रहने की जगह) को नुकसान पहुंचा।

‘Il Gazzettino’ यूट्यूब चैनल पर 23 जुलाई 2026 को वायरल क्लिप अपलोड करते हुए उसे इंडोनेशिया के बटम का बताया गया था।

क्या है संदर्भ?

राजस्थान के कई हिस्सों में डिप्रेशन और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश, तेज हवाओं और आंधी का दौर देखने को मिला है। भारतीय मौसम विभाग की 28 सितंबर 2026 की जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राजस्थान के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश श्रीडूंगरगढ़, बीकानेर में 62 एमएम दर्ज की गई है।

‘दैनिक भास्कर’ की 27 सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, 26 सितंबर को जयपुर में दिनभर मौसम शुष्क रहा, जबकि अजमेर में सुबह से धूप खिली रही। शाम को बादल छाए, लेकिन बरसात नहीं हुई।

निष्कर्ष: राजस्थान के जयपुर में भारी बारिश से जलभराव के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो गुजरात के सूरत का है, जबकि दूसरा वीडियो अजमेर का नहीं, बल्कि इंडोनेशिया का है।

  • Claim Review : राजस्थान के जयपुर में भारी बारिश से हुआ जलभराव।
  • Claimed By : FB User- Prakhar gyan news
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later