Fact Check: सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका की पिटाई के दावे से वायरल वीडियो मुंबई की एक घटना का है
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ मारपीट के दावे से वायरल हो रहा वीडियो मुंबई के मीरा रोड स्थित जेप्टो के स्टोर मैनेजर का है। मैनेजर पर महिला कर्मचारियों ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने मैनेजर की पिटाई की थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 20, 2026 at 04:56 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक शख्स को पीटते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका की पिटाई का है। यह भी क्लेम किया जा रहा है कि चुनाव आयोग के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) पर हुए विवाद को लेकर प्रदर्शन के दौरान लोगों ने रांका के साथ मारपीट किया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा दावा गलत है। मारपीट का यह वीडियो मुंबई के मीरा रोड स्थित ‘जेप्टो’ (मोबाइल ऐप के जरिए ग्राहकों को किराने का सामान उपलब्ध करवाने वाली क्विक-कॉमर्स कंपनी) के स्टोर मैनेजर का है। दरअसल, स्टोर मैनेजर पर कुछ महिलाओं ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे और ‘महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना’ (मनसे) के कार्यकर्ताओं से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने स्टोर पहुंचकर मैनेजर की पिटाई की थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘राजनाथ यादव लेदौरा’ ने 16 अक्टूबर 2026 को एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “प्रोटेस्ट में थकान के बाद आशुतोष रांका का मसाज करती हुई देशभक्त जनता।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड’ टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो ‘midday-india’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम और एक्स यूजर ‘Suhas Birhade’ के अकाउंट पर मिला। इन दोनों अकाउंट पर वीडियो को 10 अक्टूबर 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो मुंबई के मीरा रोड स्थित जेप्टो स्टोर का है। दरअसल, वहां काम करने वाली महिलाओं ने स्टोर मैनेजर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे और शिकायत की थी। इस मामले को लेकर MNS कार्यकर्ताओं ने स्टोर मैनेजर ‘जय पाठक’ की पिटाई की थी। इसकेबाद मैनेजर को पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Navarashtra’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 10 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मीरा रोड के शिवर गार्डन इलाके में स्थित जेप्टो स्टोर के मैनेजर जय पाठक को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने बुरी तरह पीटा था। मैनेजर पर महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था। स्टोर मैनेजर की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
‘टाइम्स नाउ’ हिंदी ने भी 10 अक्टूबर 2026 को इस घटना पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र ‘मिड-डे’ के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो जेप्टो के स्टोर मैनेजर की पिटाई का है। मैनेजर पर महिला कर्मचारियों के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगे थे।
क्या है संदर्भ?
‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) विवाद पर दिल्ली और देशभर में प्रदर्शन हुए हैं। कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी सहित विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इन प्रदर्शनों के बीच जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पर पाबंदी लगा दी गई है। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास ने जंतर-मंतर पहुंचकर विरोध जताया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस मामले से जुड़ी पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘राजनाथ यादव लेदौरा’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को सात हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं और वह 9 अगस्त 2019 से फेसबुक पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ मारपीट के दावे से वायरल हो रहा वीडियो मुंबई के मीरा रोड स्थित जेप्टो के स्टोर मैनेजर का है। मैनेजर पर महिला कर्मचारियों ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने मैनेजर की पिटाई की थी।
- Claim Review : सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका की पिटाई का वीडियो।
- Claimed By : FB User ‘राजनाथ यादव लेदौरा
- Fact Check : झूठ
- Video Posted by X Suhas Birhade, Dated 10 Oct 2026
- Video Posted by Inst Handel Mid Day India , Dated 10 Oct 2026
- News Report by Navarashtra , Dated 10 Oct 2026
- News Report by Times Now Hindi, Dated 10 Oct 2026
- News Report by Jansatta, Dated 19 Oct 2026
- News Report by Dainik Bhasker, Dated 19 Oct 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












