X
X

Fact Check: पटना में मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के पंडाल में आग लगने का दावा गलत, वायरल वीडियो हैदराबाद का है

हैदराबाद में जुलाई 2026 में आग लगने का हादसा हुआ था। उस घटना के वीडियो को मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के मंडप में आग लगने का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।

Patna viral video, Anant singh daughter wedding, Patna News, Anant Singh Daughter Marriage, Hyderabad Viral Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के पटना में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी 25 नवंबर 2026 को संपन्न हो गई। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आग लगने के बाद लोगों को सामान ले जाते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अनंत सिंह की बेटी की शादी के पंडाल में आग लग गई है।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह हैदराबाद में जुलाई 2026 में हुए एक हादसे का है। अनंत सिंह की बेटी की शादी के पंडाल में आग लगने का दावा झूठा है। पटना पुल‍िस ने भी ऐसी किसी घटना का खंडन क‍िया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘yesrajnewsnetwork’ ने 25 नवंबर 2026 को आग के हादसे का एक वीडियो अपलोड (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “आनंद सिंह की बेटी की शादी में जो 50 करोड़ का स्टैंड बना हुआ था उसमें लग गया।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा कोई हादसा हुआ होता, तो मीडिया में खबर जरूर आती, ज‍िससे पता चल जाता क‍ि अनंत स‍िंह की बेटी की शादी में आग लगने की घटना हुई है।

सर्च में हमें पटना पुल‍िस के एक्स हैंडल से 25 नवंबर 2026 को की गई एक पोस्ट मिली। इसी तरह के एक वायरल पोस्ट के जवाब में पटना पुलिस ने लिखा है, “वीडियो का सत्यापन किया गया तो पाया गया कि उक्त स्थल पर आग लगने की कोई सूचना नहीं है।”

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘suraj2657385‘ ने 7 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट किया था। हालांकि, इसके साथ कोई जानकारी नहीं दी गई है।

इस वीडियो को यूट्यूब चैनल ‘सूरजकुमरबौरी’ से 27 अक्टूबर 2026 को पोस्ट किया गया है। इसमें दी गई जानकारी के अनुसार, “वीडियो गोबिंदपुर में पंडाल में आग लगने का है।”

इस वीडियो के ऊपर इंस्टाग्राम आईडी ‘offical.feroz.45‘ लिखा हुआ है। इसके बाद हमने इस आईडी पर वीडियो को सर्च किया, तो यह 10 जुलाई 2026 को अपलोड किया हुआ मिला। इसमें जानकारी दी गई है कि यह वीडियो चादरघाट में आग लगने का है।

इस आधार पर कीवर्ड से सर्च करने पर हमें ‘Siasat Daily’ के यूट्यूब चैनल पर 10 जुलाई 2026 को अपलोड की गई एक वीडियो न्यूज मिली। इसके अनुसार, हैदराबाद के चादरघाट में डेकोरेटिव सामान के गोदाम में भीषण आग लग गई।

‘तेलंगाना टुडे’ की वेबसाइट पर 10 जुलाई 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद के चादरघाट में मूसी नदी के पास सजावट के सामान के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग पास की झोपड़ियों तक फैल गई, जिससे कई कच्चे घर जलकर नष्ट हो गए। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इस बारे में हमने पटना में ‘दैनिक जागरण’ के क्राइम रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि अनंत स‍िंह की बेटी की शादी के पंडाल में आग लगने का कोई मामला सामने नहीं आया है।

क्या है संदर्भ?

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को हुई थी। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2026 को छपी एक खबर के मुताबिक, समारोह में कई खास मेहमान शामिल हुए। इनमें भाजपा और जदयू के कई नेताओं समेत भोजपुरी सेलिब्रिटी भी शामिल हुए।

हैदराबाद के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। मई 2026 में बने इस अकाउंट के 800 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: हैदराबाद में जुलाई 2026 में आग लगने का हादसा हुआ था। उस घटना के वीडियो को मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के मंडप में आग लगने का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।

  • Claim Review : पटना में मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के मंडप में आग लगी।
  • Claimed By : IG User- yesrajnewsnetwork
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later