Fact Check: गाजियाबाद की मस्जिद के बाहर नहीं लहराई गईं तलवारें, पुराने वीडियो को झूठे दावे के साथ किया गया वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में गाजियाबाद की जामा मस्जिद के बाहर बवाल के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो पुराना साबित हुआ। जांच में वायरल पोस्ट फेक और सांप्रदायिक साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 20, 2026 at 06:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गाजियाबाद की जामा मस्जिद के बाहर तनाव के दावे के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोगों को एक इमारत के बाहर तलवार, डंडा और भगवा झंडा लहराकर नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि इसमेंगाजियाबाद की जामा मस्जिद के बाहर का दृश्य है, जहां हिंदुत्ववादियों ने हथियार लहराए और जिसके बाद वहां बवाल हो गया। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे सच मानकर वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से पड़ताल की। हमारी जांच में यह दावा फर्जी साबित हुआ। वायरल वीडियो पुराना है और इसका गाजियाबाद से कोई संबंध नहीं है। गाजियाबाद में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक पेज ‘द लाइव टीवी’ ने 20 नवंबर 2026 को एक वायरल वीडियो के आधार पर बताया, “जामा मस्जिद के बाहर भारी तनाव, हथियार संग हिंदूवादी का हंगामा, जल उठा गाजियाबाद, कई घायल।”
फेसबुक के अलावा यह वीडियो एक्स पर भी काफी वायरल है। ‘अर्जुन सिंह नाम के एक यूजर ने 19 नवंबर 2026 को इस वीडियो को गाजियाबाद का बताते हुए दावा किया कि जामा मस्जिद के सामने आरएसएस के कार्यकर्ता तलवारों के साथ जुटे। इसमें कई मुस्लिम घायल हो गए। वायरल पोस्ट में अंग्रेजी में लिखा गया, “RSS members in Ghaziabad armed with swords surrounded Jamia Masjid, Muslims trapped inside and several injured. Police response remains unclear, Ghaziabad police seems compromised? Bajrangdal Goons should respect minorities.”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स वायरल कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट में मौजूद दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड के माध्यम से सर्च करने पर हमें एक भी न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जो वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे दावे की पुष्टि कर सके। हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर 20 नवंबर 2026 की एक रिपोर्ट जरूर मिली। इसमें बताया गया, “इंटरनेट मीडिया पर गाजियाबाद में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। पोस्ट में गाजियाबाद में आरएसएस के सदस्यों के हथियारों के साथ जामिया मस्जिद को घेरने और वहां मौजूद मुस्लिमों पर हमले में कई लोगों के घायल होने का दावा किया गया था।”
जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स निकालकर गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें वायरल वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर पुरानी तारीखों में शेयर किया हुआ मिला। पत्रकार ‘राणा अयूब’ ने इसी वीडियो को साल 2022 की 12 अप्रैल को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए इसे मध्य प्रदेश का बताया था।
इसी तरह मोहम्मद आसिफ खान ने 12 अप्रैल 2022 को इस वीडियो को अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर करते हुए इसे मध्य प्रदेश के सारंगपुर की जामा मस्जिद का बताया था।

जांच के अगले चरण में हमने गाजियाबाद पुलिस के एक्स हैंडल को स्कैन करना शुरू किया। वहां हमें गाजियाबाद पुलिस का एक रिप्लाई मिला। गाजियाबाद पुलिस ने वायरल हो रहे वीडियो को शेयर करने वाले यूजर्स को जवाब देते हुए लिखा, “उक्त सूचना भ्रामक एवं असत्य है। कमिश्नरेट गाजियाबाद में ऐसी कोई घटना घटित नहीं हुई है। कृपया असत्य एवं भ्रामक सूचना प्रसारित करने से बचें, उपरोक्त असत्य सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, गाजियाबाद के वरिष्ठ अपराध संवाददाता विनीत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि गाजियाबाद में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और वायरल हो रहा पोस्ट फर्जी है।
क्या है संदर्भ?
सोशल मीडिया पर अक्सर झूठे सांप्रदायिक दावे वायरल होते रहते हैं। दूसरे राज्यों की घटनाओं के पुराने वीडियो फर्जी दावों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। विश्वास न्यूज अक्सर ऐसे झूठे सांप्रदायिक दावों की जांच करके पाठकों के सामने सच्चाई लाता रहता है।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। इस पेज को 46 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 20 मई 2017 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में गाजियाबाद की जामा मस्जिद के बाहर बवाल के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो पुराना साबित हुआ। वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फेक और सांप्रदायिक साबित हुई।
- Claim Review : गाजियाबाद की जामा मस्जिद के सामने हिंदुत्ववादियों ने लहराई तलवार, कई घायल।
- Claimed By : FB Page The Live TV
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












