X
X

Fact Check: नेपाल में आई बाढ़ के नाम पर वायरल हो रहा एआई वीडियो 

नेपाल की अगस्त 2026 की बाढ़ त्रासदी के नाम पर वायरल हो रहा तबाही वाला वीडियो असली नहीं, बल्कि फेक है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई विनाशकारी बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। इस हादसे में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और हजारों लोग अभी भी लापता हैं। इसी से जोड़कर बाढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्थान पर अचानक बाढ़ आती है और वहां मौजूद लोग, घर और वाहन सभी बह जाते हैं। इस वीडियो को नेपाल की त्रासदी का बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वायरल वीडियो फर्जी है। असल में इसे बनाने के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, नेपाल में आई बाढ़ के कारण भीषण तबाही मची है और जानमाल का भी काफी नुकसान हुआ है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Ranjan Sinha’ ने 27 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नेपाल से एक और भयावह तस्वीर सामने आई है… लोग रोज़ की तरह अपनी दिनचर्या में लगे हुए थे। किसी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ ही पलों में सबकुछ तहस-नहस हो जाएगा। अचानक आई भीषण बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी। प्रकृति के इस कहर की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस आपदा में फंसे सभी लोगों की सुरक्षित तलाश हो और प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत मिले।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीडियो को गौर से देखा। हमें इसमें कई खामियां नजर आईं। बाढ़ का पानी जब घरों और वाहनों के ऊपर से गुजरता है, तब वे काफी अटपटे तरीके से गिरते हैं। बाढ़ के पानी के गुजर जाने के कुछ सेकंड तक तो सब सामान्य रहता है, फिर कुछ सेकंड बाद घर और पेड़ अवास्तविक तरीके से गिरने लगते हैं। वीडियो में कुछ पेड़ और ढांचे तो अचानक से उभर आते हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ । 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने ‘Hive Moderation’ की मदद से वीडियो को सर्च किया। हाइव के एनालिसिस में वायरल वीडियो के एआई से बने होने के करीब 70 फीसदी संकेत मिले। इस टूल के अनुसार, वीडियो को ‘seedance2’ की मदद से बनाया गया है।

हमने दूसरे टूल ‘HumanMeter’ की मदद से वीडियो को सर्च किया। इसके एनालिसिस में वायरल वीडियो के एआई से बने होने के करीब 72 फीसदी संकेत मिले। इस टूल के अनुसार, इमारतें अपने आप अपनी बनावट को बदल रही हैं और कई कारें पानी में बदल जा रही हैं। ये सभी वीडियो के एआई से बने होने के संकेत हैं।

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें सर्च करने के लिए ‘Sightengine’ का इस्तेमाल किया। इस टूल ने कीफ्रेम के एआई से बने होने की करीब 98 फीसदी संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो नेपाल में आई भीषण बाढ़ के नाम पर काफी वायरल है। हालांकि, यह एआई वीडियो है। इस वीडियो में कई लोग अपने आप गायब हो रहे हैं। कुछ चीजें अपने आप बन जा रही हैं। इतना ही नहीं, कुछ इमारतों की बनावट अपने आप बदल जा रही है। वीडियो में दिख रही कई बाइकों का साइज भी सामान्य से बड़ा है।

क्या है संदर्भ?

‘Kathmandu Post’ की वेबसाइट पर 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “नेपाल के भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है, जबकि लगभग 4,247 लोग अभी भी लापता हैं। बाढ़ का तेज पानी पीड़ित लोगों और मलबे को नदी के रास्ते दूर तक बहा ले गया इसलिए घटनास्थल से सैकड़ों किलोमीटर दूर भी कई शव मिल रहे हैं।”

‘The Himalayan Times’ की वेबसाइट पर 31 अगस्त 2026 को छपे एक आर्टिकल में लिखा है, “अब तक 10,451 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। नेपाली सेना ने 252 विदेशी नागरिकों और 3,344 नेपालियों को हवाई मार्ग से बचाया है। इनमें 15 चीनी और सात भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। राहत कार्य के लिए कुल 411 हेलीकॉप्टरों ने उड़ानें भरी हैं।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 17 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल की अगस्त 2026 की बाढ़ त्रासदी के नाम पर वायरल हो रहा तबाही वाला वीडियो असली नहीं, बल्कि फेक है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

  • Claim Review : नेपाल में आई बाढ़ का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Ranjan Sinha
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later