Fact Check: पांवटा साहिब पुल का पिलर टूटने के दावे से वायरल वीडियो AI निर्मित है, असली नहीं
हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाला पांवटा साहिब पुल यमुना नदी पर बना हुआ है। उसकी हालत जर्जर जरूर है, लेकिन उसका पिलर टूटने का दावा गलत है। वायरल वीडियो एआई निर्मित है, वास्तविक नहीं।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 4, 2025 at 02:31 PM
- Updated: Aug 4, 2025 at 02:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मानसून के दौरान देश के कुछ हिस्सों में पुल टूटने के मामले सामने आए थे। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले पांवटा साहिब पुल का पिलर टूट गया है। वीडियो में पुल के पिलर को टूटते हुए दिखाया गया है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पांवटा साहिब पुल का पिलर टूटने के दावे वायरल हो रहा वीडियो एआई निर्मित है। यह असली नहीं है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Himachali and uttrakhandi culture ने 2 अगस्त को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में कैप्शन लिखा है, “हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला पुल यमना नदी के ऊपर बना पोंटा साहिब का पिलर टूट गया“
वीडियो पर लिखा है, “गंगा मां, पोंटा साहिब का पिलर टूट गया।” इसके बैकग्राउंड में कुछ लोगों के चीखने की आवाज भी सुनी जा सकती है।

पड़ताल
वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर हमने उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इससे मिलता-जुलता वीडियो हमें टिकटॉक यूजर न्यूयार्क मिस्ट्री नाम के यूजर की प्रोफाइल पर मिला। चूंकि टीकटॉक भारत में बैन हैं, तो हमने इसे एक्सप्रेस वीपीएन की मदद से चेक किया। वीडियो को 20 जून को अपलोड किया गया है। वीडियो के कमेंट में कुछ यूजर्स ने इसे न्यूयार्क का बताया। हालांकि, कुछ ने इसे चीन का बताया। हालांकि, इसकी सटीक लोकेशन के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं मिली।

इसमें लोकेशन और बैकग्राउंड से आ रही उसी आवाज को सुना जा सकता है, जो वायरल वीडियो क्लिप में है। इस वीडियो में पुल का पिलर टूटता हुआ नहीं दिख रहा है।

फेसबुक यूजर की पोस्ट के कमेंट में कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को एआई टूल से बना हुआ बताया है। हमने वायरल क्लिप को एआई वीडियो डिटेक्शन टूल कैन्टीलक्स से चेक किया। इसमें वीडियो के एआई निर्मित होने की संभावना 81 फीसदी जताई गई।

इसके बाद हमने पांवटा साहिब पुल का पिलर टूटने के दावे के बारे में कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
15 फरवरी को Punjab Kesari / Himachal के फेसबुक पेज पर अपलोड वीडियो न्यूज में हिमाचल-उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना पुल का वीडियो दिया गया है। वीडियो न्यूज के अनुसार, पांवटा साहिब पुल की हालत जर्जर है। यह यमुना नदी पर बना है।
इसमें दिख रहे पुल और वायरल क्लिप में दिख रहे पुल के पिलर में अंतर देखा जा सकता है।

इस बारे में हमने पांवटा साहिब में दैनिक जागरण के रिपोर्टर राजन पुंडीर से संपर्क किया। उनका कहना है कि पांवटा साहिब पर अभी ट्रैफिक चल रहा है। इसका पिलर टूट गया होता तो पुल को बंद कर दिया जाता। उसकी हालत जर्जर है, लेकिन पिलर नहीं टूटा है। पुल की मरम्मत भी कराई गई थी। इससे करीब दो किमी दूर नया पुल बन रहा है।
एआई जेनरेटेड वीडियो पोस्ट कर झूठा दावा करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 48 हजार फॉलोअर्स हैं।
आजकल कई यूजर्स महिला रिपोर्टर के एआई निर्मित वीडियो बनाकर शेयर कर रहे हैं। इससे संबंधित रिपोर्ट को को यहां पढ़ें।
निष्कर्ष: हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाला पांवटा साहिब पुल यमुना नदी पर बना हुआ है। उसकी हालत जर्जर जरूर है, लेकिन उसका पिलर टूटने का दावा गलत है। वायरल वीडियो एआई निर्मित है, वास्तविक नहीं।
- Claim Review : हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले पांवटा साहिब पुल का पिलर टूट गया है।
- Claimed By : FB User- Himachali and uttrakhandi culture
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












