X
X

Fact Check : जियो, एयरटेल और वीआई ने मिलकर नहीं बनाया फ्री रिचार्ज प्लान, फिशिंग लिंक वायरल

फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल लिंक फर्जी है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट सिम रिचार्ज की नहीं है। टेलीकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वीआई ने मिलकर इस तरह का कोई फ्री रिचार्ज प्लान नहीं बनाया है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 18, 2025 at 02:34 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 06:26 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर सिम रिचार्ज को लेकर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि टेलिकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (वीआई) ने मिलकर होली के मौके पर एक फ्री रिचार्ज प्लान बनाया है। इस प्लान के तहत तीनों कंपनियां अपने ग्राहकों को तीन महीने का फ्री रिचार्ज दे रही हैं। साथ पोस्ट में यह भी बताया जा रहा है कि लोनतक वेबसाइट पर जाकर इस फ्री रिचार्ज को पाया जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट सिम रिचार्ज की नहीं है। टेलिकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वीआई ने मिलकर इस तरह का कोई फ्री रिचार्ज प्लान नहीं बनाया है। जांच में हमने पाया कि पोस्ट डिजिटल फ्रॉड के मकसद से की गई है। इसके साथ में फिशिंग लिंक शेयर किया गया है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना यूजर्स के लिए आर्थिक तौर पर नुकसानदेह हो सकता है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘fact_online9’ ने वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “जियो एयरटेल और वीआई होली पर बड़ा फैसला।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। हमें ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली कि तीनों टेलिकॉम कंपनियों ने मिलकर एक रिचार्ज प्लान जारी किया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया की आधिकारिक वेबसाइट को खंगाला। हमें यहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

हमने वीडियो में बताई गई वेबसाइट लोन तक को गूगल पर सर्च किया। हमने वेबसाइट को खंगाला। हमने पाया कि वेबसाइट पर होम लोन, कार लोन,इन्वेस्टमेंट से जुड़े लेख को प्रकाशित किया गया है। लेकिन वेबसाइट की शुरुआत में प्रकाशित लेखों में गलत थंबनेल का इस्तेमाल किया गया है। लेखों में इन्वेस्टमेंट और इंश्योरेंस के बारे में बताया गया है जबकि थंबनेल फ्री मोबाइल रिचार्ज का लगाया गया है। इसके बाद ये साफ होता है कि वेबसाइट पर फ्री रिचार्ज नहीं दिया जा रहा है, बल्कि वेबसाइट पर व्यूज पाने के लिए यूजर्स को गुमराह किया जा रहा है। 

वीडियो की शुरुआत में पीएम मोदी के वीडियो का इस्तेमाल किया गया है। इस वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 23 फरवरी 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी का वीडियो मध्य प्रदेश में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखे जाने का है।

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिये। आधिकारिक वेबसाइट या फिर आधिकारिक सोशल मीडिया पर ऑफर्स के बारे में चेक करें और वहीं से रिचार्ज करना चाहिये। अनजान लिंक पर क्लिक करने से यूजर्स को आर्थिक हानि हो सकती है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह के फर्जी दावों को शेयर करता है। यूजर को 46 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल लिंक फर्जी है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट सिम रिचार्ज की नहीं है। टेलीकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वीआई ने मिलकर इस तरह का कोई फ्री रिचार्ज प्लान नहीं बनाया है। जांच में हमने पाया कि पोस्ट डिजिटल फ्रॉड के मकसद से की गई है। इसके साथ में फिशिंग लिंक शेयर किया गया है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना यूजर्स के लिए आर्थिक तौर पर नुकसानदेह हो सकता है। 

  • Claim Review : जियो, एयरटेल और वीआई दे रही फ्री रिचार्ज।
  • Claimed By : FB User fact_online9
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later