X
X

Fact Check: धर्मेंद्र देओल के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ किया जा रहा है वायरल 

धर्मेंद्र देओल के आखिरी वीडियो के नाम से किया जा रहा वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो महीने पुराना है। इस वायरल वीडियो के बाद भी वह अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो शेयर कर चुके हैं। पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Nov 11, 2025 at 04:20 PM
  • Updated: Nov 13, 2025 at 02:48 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र देओल की तबीतय अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके बाद से ही उन्हें लेकर कई तरह की अफवाहें वायरल हो रही हैं। सोशल मीडिया पर शेर सुनाते हुए उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह धर्मेंद्र का अंतिम वीडियो है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो महीने पुराना है। वायरल वीडियो के बाद भी वह अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो शेयर कर चुके हैं। इस पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Vicky Tantway’ ने 11 नवंबर 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “अपने आखिरी वीडियो में दिया जिंदगी जीने का संदेश…89 साल की उम्र में बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र का निधन।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य यूजर भी इसी तरह के वीडियो को शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने धर्मेंद्र के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें यह वायरल वीडियो 23 अगस्त 2025 को शेयर किया हुआ मिला। उनके अकाउंट को और खंगालने पर हमने पाया कि इस वीडियो के बाद भी उन्होंने अपने कई वीडियो शेयर किए हैं। अकाउंट पर उन्होंने अपना आखिरी वीडियो 2 अक्टूबर 2025 को शेयर किया था। इस वीडियो में धर्मेंद्र को अपने स्टाफ के साथ देखा जा सकता है। 

हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र देओल को लेकर 11 नवंबर 2025 को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया।इस पोस्ट में उन्होंने धर्मेंद्र देओल के निधन की अफवाह फैलाने वालों की निंदा की है। उनकी बेटी ईशा देओल ने भी एक पोस्‍ट शेयर करके अपने पिता के मौत की झूठी खबर फैलाने वालों की निंदा की है।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वाली दैनिक जागरण की वरिष्‍ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया।  उन्होंने हमें बताया कि हाल-फिलहाल में धर्मेंद्र के परिवार की ओर से इस तरह का कोई वीडियो शेयर नहीं किया गया है।

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 11 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “बॉलीवुड के मशहूर दिग्गज स्टार और ‘ही मैन’ धर्मेंद्र की हालत अस्‍पताल में नाजुक बनी हुई है। 89 साल की उम्र में उन्‍हें सांस लेने की तकलीफ के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया है।” इसी बीच उनके निधन की अफवाह मेन स्ट्रीम और सोशल मीडिया पर आई, जिसके बाद श्रदांजलि देने वालों का तांता लग गया। फिर धर्मेंद्र की पत्‍नी और बेटी को सामने आकर खंडन करना पड़ा। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को मध्यप्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि धर्मेंद्र देओल के आखिरी वीडियो के नाम से किया जा रहा वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो महीने पुराना है। इस वायरल वीडियो के बाद भी वह अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो शेयर कर चुके हैं। पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : धर्मेंद्र का आखिरी वीडियो।
  • Claimed By : FB User Vicky Tantway
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later