अमिताभ से सलमान तक की मृत्यु का फर्जी दावा वायरल, लाइक-व्यूज के लिए मुकेश अंबानी के निधन की उड़ाई अफवाह
दावा किया जा रहा है कि मुकेश अंबानी का कार हादसे में हुआ निधन।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 26, 2024 at 01:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अक्सर व्यूज और लाइक पाने के लिए यूजर्स फेमस सेलिब्रिटी की फर्जी निधन की खबरों को शेयर करते हैं। इसी तरह से कार एक्सीडेंट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मुकेश अंबानी की कार है और वो हादसे का शिकार हो गए हैं। पोस्ट में यह दावा भी किया जा रहा है कि इस हादसे में उनका निधन हो गया है।
विश्वास न्यूज ने ऐसे कई पोस्ट्स की जांच की है, जिसमें इस तरह का सनसनीखेज दावा किया गया था। हमने अपनी जांच में पाया कि जिन यूजर्स की प्रोफाइल से इस तरह का दावा किया गया था, वहां इस तरह की कई अन्य पोस्ट्स को शेयर किया गया था, जिसका मकसद यूजर्स अटेंशन को हासिल करना और लाइक व व्यूज पाना था।
क्या हो रहा है वायरल ?
थ्रेड यूजर ‘युवा स्टार’ ने 23 दिसंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मुकेश अंबानी के हुई मौत।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। मुकेश अंबानी देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक हैं। ऐसे में अगर सच में उनके साथ इतना बड़ा हादसा हुआ होता, तो इसे जुड़ी कोई न कोई खबर जरूरत मौजूद होती।
नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 31 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी को Z+ सिक्योरिटी मिली हुई है। कमांडो से लेकर सीआरपीएफ तक के जवान उनके साथ रहते हैं। इतना ही नहीं, उनके पास बुलेट प्रूफ स्टील से बनी कारें हैं। ऐसे में उनकी कार के साथ इस तरह का हादसा होना काफी मुश्किल है।
वायरल वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि वीडियो में पीछे की तरफ लगे बोर्ड पर दिल्ली लिखा हुआ है, जिसके बाद ये तो साफ होता है कि ये वीडियो दिल्ली में हुए हादसे का है।

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो सूरज पाल नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 27 सितंबर 2024 को शेयर किया गया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई के मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को गलत बताया है।
अमिताभ बच्चन के निधन का फेक दावा
यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की क्लिकबेट पोस्ट वायरल हुई है। अभिनेता अमिताभ बच्चन के निधन के दावे के साथ भी सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस तरह की पोस्ट को शेयर किया था। हमारी जांच में पोस्ट फेक साबित हुई थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
सलमान खान की हत्या का फेक दावा
कुछ दिनों पहले सलमान खान की हत्या के दावे के साथ ऐसी ही पोस्ट वायरल हुई थी, जिसे हमने अपनी जांच में फेक पाया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
विराट कोहली की एक्सीडेंट में मौत का दावा फेक
सोशल मीडिया पर एक एक्सीडेंट के वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया गया कि विराट कोहली का दुर्घटना में निधन हो गया है। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि वायरल दावा फर्जी है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
हार्दिक पांड्या के फर्जी निधन की खबर वायरल
भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या के फर्जी निधन की खबरों को भी सोशल मीडिया पर यूजर्स ने शेयर किया था। यूजर्स ने हार्दिक पांड्या के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रात 11 बजे हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फेक था। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
क्रिकेटर केएल राहुल का हार्ट अटैक से निधन
सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया गया कि भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल का हार्ट अटैक से निधन हो गया। हालांकि, विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
हिना खान की मौत का गलत दावा
टेलीविजन अभिनेत्री हिना खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर बताया था कि वो ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। इसी से जोड़ते हुए यूजर्स ने एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हिना खान की ब्रेस्ट कैंसर से मृत्यु हो गई है। विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
खान सर के निधन का फेक दावा
कुछ समय पहले मशहूर कोचिंग संचालक ‘खान सर’ (फैजल खान) ने की तबीयत खराब होने पर उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया गया कि उनका निधन हो गया है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फर्जी निकली। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
खेसारी लाल की मृत्यु का गलत दावा
भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल की हार्ट अटैक से मृत्यु का दावा सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने जमकर शेयर किया था। लेकिन जब हमने वायरल दावे की पड़ताल की तो पाया कि यह दावा फेक है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के निधन का वायरल दावा गलत है। वीडियो दिल्ली में हुए एक कार एक्सीडेंट का है, जिसे गलत दावे के साथ मुकेश अंबानी के नाम पर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : मुकेश अंबानी का कार हादसे में हुआ निधन।
- Claimed By : Thread yuva_star_210
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












