Fact Check: शादी में कार मिलने में हुई देरी के बाद हंगामे के दावे से वायरल वीडियो सीरियल का दृश्य है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शादी के टेंट में हंगामा करते युवक के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि स्टार प्लस पर आने वाले सीरियल ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ की शूटिंग का है। इसे अब असली घटना का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 16, 2025 at 04:44 PM
- Updated: Dec 16, 2025 at 05:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शादी के टेंट में एक युवक को हंगामा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कई लोग युवक को हंगामा करने से रोक रहे हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को असली समझकर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि दहेज में मिली कार की डिलीवरी में देरी होने के कारण इस युवक ने गुस्से में हंगामा कर दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि एक सीरियल ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ के शूटिंग के दौरान का है। कुछ लोग शूटिंग के इस वीडियो को असली घटना का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ‘Therapperrohit’ ने 8 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है और लिखा है, “दहेज़ की कार की देरी की वजह से दूल्हे ने फेकि पूजा की थाली और किया ड्रामा….बारात वापसी”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को असली घटना का समझकर शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘स्टार प्लस’ के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 15 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ सीरियल की का है।
हमें वीडियो ‘aman_anjali135’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर भी मिला। 2 फरवरी 2025 को अपलोड वीडियो में इसे ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ सीरियल का बिहाइंड द सीन्स बताया गया है। इस अकाउंट पर वायरल वीडियो से जुड़ी तस्वीरें भी मिलीं।

यहां वीडियो में दिखाई दे रहे युवक का नाम अंकित रायजादा बताया गया है। जांच में आगे हमने अंकित रायजादा के बारे में सर्च किया। पता चला की अंकित ने इस सीरियल में अमन सिंह राजपूत का किरदार निभाया था। अंकित कई शोज़ में अभिनय कर चुके हैं।
हमने वीडियो को मुंबई में एंटरटेनमेंट सेक्शन कवर करने वाली दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो सीरियल की शूटिंग का है और पुराना भी है।
विश्वास न्यूज पहले भी ऐसे कई दावों की पड़ताल कर चुका है जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को एक लाख 11 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शादी के टेंट में हंगामा करते युवक के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि स्टार प्लस पर आने वाले सीरियल ‘एडवोकेट अंजलि अवस्थी’ की शूटिंग का है। इसे अब असली घटना का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : दहेज में मिली कार की डिलीवरी में देरी होने के कारण दूल्हे ने किया हंगामा।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Therapperrohit
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












