Fact Check : अमित शाह ने नहीं दिया बिहार वालों के खिलाफ बयान, फर्जी पोस्टकार्ड वायरल
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। हमने अपनी जांच में वायरल पोस्ट को गलत और ए़डिटेड पाया।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Oct 28, 2025 at 02:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक पोस्टों की बाढ़-सी आ गई है। अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के नाम पर एक न्यूज चैनल का पोस्टकार्ड वायरल किया जा रहा है। इस पर अमित शाह की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया है कि अमित शाह ने कहा है कि यदि बिहार वालों ने भाजपा को वोट नहीं दिया, तो उन्हें दिल्ली-मुंबई में घुसने नहीं दिया जाएगा।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। हमने अपनी जांच में वायरल पोस्ट को गलत और ए़डिटेड पाया। दरअसल, एबीपी न्यूज चैनल के पोस्टकार्ड के साथ छेड़छाड़ करके वायरल पोस्टकार्ड बनाया गया है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि अमित शाह ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या हो रहा है वायरल
एक फेसबुक यूजर ने 23 अक्टूबर को फर्जी पोस्टकार्ड को एक ग्रुप पर पोस्ट किया। पोस्टकार्ड के ऊपर लिखा गया, “अगर बिहार वालो ने हमारी पार्टी को वोट नहीं दिया, तो हम उन्हें दिल्ली मुम्बई में घुसने नही देंगे।”

कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आकाईव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। वायरल पोस्ट के जरिए कुछ कीवर्ड बनाए गए। फिर इन्हें सर्च किया। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके। यदि अमित शाह ने ऐसा कोई भी बयान कभी भी दिया होता, तो वह जरूर खबरों में आता।
इसके बाद जांच के अगले चरण में हमने पोस्ट कार्ड को ध्यान से देखा। इस पर हमें कई गलतियां नजर आईं। यदि हिंदी की गलतियों की बात करें तो वालों, में, नहीं जैसे शब्द गलत लिखे हुए थे। इसी तरह एबीपी लाइव का लोगो कटा हुआ दिखा। इसके अलावा चैनल के फॉन्ट और वायरल पोस्टकार्ड के फॉन्ट में भी अंतर था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एबीपी न्यूज के सोशल मीडिया को स्कैन किया। हमें 29 अगस्त 2025 की एक पोस्ट मिली। इसमें अमित शाह की वही तस्वीर और पोस्ट कार्ड का इस्तेमाल किया गया था, जिसे अब छेड़छाड़ करके गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
एबीपी न्यूज ने खुद भी वायरल पोस्ट कार्ड का खंडन अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर करते हुए सच्चाई बताई। 23 अक्टूबर 2025 को एबीपी न्यूज ने इसे फेक बताते हुए लिखा, “abp न्यूज़ के नाम पर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह कार्ड पूरी तरह से फर्जी है। इस तरह का कोई भी बयान न तो गृहमंत्री द्वारा दिया गया और ऐसी कोई भी खबर abp न्यूज़ द्वारा नहीं चलाई गई है। हम ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। आपसे अनुरोध है कि फर्जी खबरों से बचें और सही खबरों के लिए हमारे आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें।”
जांच के अंत में हमने भाजपा की सोशल मीडिया टीम के सदस्य शशि कुमार से संपर्क करते हुए उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने इसे फेक बताते हुए कहा कि बिहार चुनाव में जानबूझकर विपक्ष ऐसे फर्जी बयान वायरल कर रहा है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
जांच के दौरान पता चला कि फर्जी पोस्ट करने वाला यूजर प्रदीप वाधवा सोनू को फेसबुक पर 10 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इससे ज्यादा जानकारी नहीं मिली।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के नाम पर वायरल पोस्ट फर्जी और बेबुनियाद साबित हुई। अमित शाह ने कभी बिहार के लोगों को ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जिसे वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार चुनाव में अमित शाह ने प्रदेशवासियों के खिलाफ दिया बयान
- Claimed By : FB User Pardeep wadhwa Sonu
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












