X
X

Fact Check: शपथ ग्रहण के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने नहीं छुआ था राहुल गांधी का पैर, AI तस्वीर वायरल 

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल तस्वीर एआई-निर्मित साबित हुई। इसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राहुल गांधी की वायरल तस्वीर में सच्चाई नहीं है।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: May 16, 2026 at 02:02 PM
  • Updated: May 16, 2026 at 05:01 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इसमें राज्य के नए मुख्यमंत्री को राहुल गांधी के पैर छूते हुए दिखाया गया है। इसमें राहुल गांधी नए सीएम को आशीर्वाद देते हुए दिख रहे हैं। इस तस्वीर को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्तार से इस तस्वीर की जांच की। हमने पड़ताल में पाया कि वायरल तस्‍वीर फर्जी है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘दिनेश गोयल’ ने वायरल तस्वीर को 10 मई 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “टीवीके चीफ और एक्टर विजय ने तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ले ली है। गवर्नर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी के एक्टर विजय ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया । यह संस्कार देख मंच पर सभी नेताओं ने ताली बजाकर सम्मान किया।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखें।

पड़ताल

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें इस तस्वीर से जुड़ा असली वीडियो राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर शॉर्ट्स के रूप में मौजूद मिला। इसमें कहीं भी सीएम विजय राहुल गांधी के पैर छूते हुए नहीं दिख रहे हैं। इसे 10 मई 2026 को अपलोड किया गया था।

यही वीडियो हमें SSP TV के यूट्यूब चैनल पर भी 10 मई 2026 को अपलोड मिला।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वायरल तस्‍वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए सर्च किया। सबसे पहले हमने ‘Sight Engine’ टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने 65 फीसदी तक तस्वीर के एआई से बने होने के संकेत दिए।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एक अन्‍य टूल ‘Undetectable’ का इस्तेमाल किया और इसके जरिए फोटो के बारे में सर्च किया। इस टूल ने भी फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने इसे एक और डीपफेक डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ की एनालिसिस भी इस तस्वीर के एआई से बनाए जाने की अधिकतम संभावना (92.9 फीसदी) की पुष्टि करती है। हाइव मॉडरेशन के अनुसार, इस इमेज के जीपीटी मॉडल की मदद से बनाए जाने की संभावना 75% से ज्यादा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के गिरीश कुमार से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्‍ट शेयर किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट फेक है। सीएम विजय ने राहुल गांधी का पैर नहीं छुआ था।

क्या है संदर्भ?

तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने 10 मई 2026 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। इसी के साथ तमिलनाडु की दो प्रमुख द्रविड़ पार्टियों, डीएमके और एआईएडीएमके के लगभग छह दशकों से बारी-बारी से चले आ रहे शासन का अंत हो गया। वर्तमान सरकार में कांग्रेस एक सहयोगी के रूप में शामिल हुई है। विजय के शपथ ग्रहण के दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहे।

जांच के अंत में फर्जी तस्वीर शेयर करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यूजर को 88 हजार से ज्यादा लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और यह अकाउंट नवंबर 2020 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल तस्वीर एआई-निर्मित साबित हुई। इसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राहुल गांधी की वायरल तस्वीर में सच्चाई नहीं है।

  • Claim Review : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राहुल गांधी का पैर छूआ।
  • Claimed By : FB User Dinesh Goyal
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later