X
X

Fact Check: दिल्ली विधानसभा चुनाव पर ABP का ओपिनियन पोल फर्जी

दावा किया जा रहा है कि एबीपी न्यूज के ओपिनियन पोल के मुताबिक दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बढ़त मिल सकती है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Dec 18, 2024 at 06:28 PM
  • Updated: Dec 18, 2024 at 06:51 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दिल्ली विधानसभा को लेकर एबीपी न्यूज का एक कथित ओपिनियन पोल वायरल हो रहा है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिलने का अनुमान है। बीजेपी को 49, आम आदमी पार्टी को 16 और कांग्रेस को 5 सीटें मिल सकती हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। एबीपी न्यूज की ओर से इस तरह का कोई ओपिनियन पोल जारी नहीं किया गया है। एबीपी न्यूज ने भी वायरल दावे का खंडन किया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘एडवोकेट कमल रोहिल्ला’ ने 18 दिसंबर 2024 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली का ओपिनियन पोल……….अब नही सहेंगे बदल कर रहेंगे…….जीतेंगे दिल्ली जीतेंगे मुस्तफाबाद।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने एबीपी न्यूज की वेबसाइट को खंगाला। हमें वहां पर दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। हमने एबीपी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को भी खंगाला। हमें वहां पर भी ऐसा कोई ओपिनियन पोल नहीं मिला। 

पोस्ट पर गौर करने पर हमने पाया कि ग्राफिक पर ऊपर की तरफ लिखा हुआ है कि आम आदमी पार्टी को 16 सीटे मिल सकती हैं। जबकि नीचे की ओर लिखा हुआ है कि आम आदमी पार्टी को 15 सीटें मिलेगीं। इसी से हमें पोस्ट के गलत होने का संदेह हुआ।

हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए एबीपी न्यूज के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट एबीपी न्यूज के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट को 17 दिसंबर 2024 को शेयर किया गया था। कैप्शन में लिखा है, “abp न्यूज़ के नाम पर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी है। इस तरह की कोई भी खबर/ओपिनियन पोल abp न्यूज़ द्वारा नहीं चलाया गया है। हम ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। आपसे अनुरोध है कि फर्जी खबरों से बचें और सही खबरों के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें।”

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए एबीपी न्यूज की डिप्टी एडिटर एवं एंकर चित्रा त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। एबीपी न्यूज ने ऐसा कोई ओपिनियन पोल जारी नहीं किया है।

अंत में हमने पोस्ट को फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से प्रभावित पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली विधानसभा के नाम से वायरल ओपिनियन पोल फर्जी है।  एबीपी न्यूज की ओर से इस तरह का कोई ओपिनियन पोल जारी नहीं किया गया है। एबीपी न्यूज ने भी वायरल दावे का खंडन किया है।

  • Claim Review : एबीपी न्यूज के ओपिनियन पोल के मुताबिक दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बढ़त मिल सकती है।
  • Claimed By : FB User एडवोकेट कमल रोहिल्ला
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later